बढ़ते कोरोना को लेकर सख्ती : हरियाणा के 8 जिले और RED जाेन में किए शामिल, रैली प्रदर्शन व धरनों पर भी रोक, देखें आदेश

चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने 8 और जिलों को रेड जोन में शामिल कर दिया है और महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा को 19 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव ने देर रात जारी आदेशों में पहले से शामिल 11 जिलों के अलावा अन्य 8 जिले भी शामिल कर दिए हैं। इस तरह अब सामान्य जोन में 3 जिले ही रह गए हैं। अब रेड जोन में रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, भिवानी, हिसार और कैथल को शामिल किया गया है। संक्रमण और मरीजों की संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने इस संबंध में निर्णय लिया है। मुख्य सचिव की ओर से हरियाणा के सभी जिलों में जिला उपायुक्तों को आदेश दिया गया है कि कोई भी जिले में इस प्रकार के आदेशों की अवहेलना करता हुआ पाया गया तो उसके विरोध के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। वहीं अब रैली प्रदर्शन और धरनों पर रोक लगा दी गई है।
पहले पांच और फिर छह जिले रेड जाेन में शामिल किए थे
पहले पांच जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, पंचकूला और सोनीपत को ग्रप ए जिलों में डाला गया था। इसके बाद करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, रोहतक और झज्जर जिलों को रेड जोन में शामिल कर यहां नए नियम लागू किए गए थे। इन जिलों में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें, मॉल व बाजार शाम 6 बजे तक खोलने की अनुमति हैं। सभी स्पोर्ट्स कंपलेक्स, स्टेडियम व स्विमिंग पूल बंद रहेंगे। इमरजेंसी और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी तथा प्राइवेट संस्थानों के कार्यालयों में 50 प्रतिशत स्टाफ़ के साथ काम करने की सलाह दी गई है। बार और रेस्टोरेंट 50% सीटिंग क्षमता के साथ ही संचालित होंगे।
सभी शिक्षण संस्थान 26 जनवरी तक रहेंगे बंद
हरियाणा के शिक्षा, वन एवं पर्यटन मंत्री ने कहा की कोविड संकट से बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार ने 26 जनवरी तक सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत प्रदेश भर के सभी सरकारी, प्राइवेट व कॉलेज बंद रहेंगे। स्कूलों के बंद होने के दौरान बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा दी जाएगी। शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि आए दिन कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। जिसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने शिक्षण संस्थानों को 26 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस महामारी के चलते प्रदेश सरकार के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बच्चों की सुरक्षा है। उन्हें कोरोना संकट से बचाना है। शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के बंद के दौरान बच्चों की ऑनलाइन पढाई करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी के बाद परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। प्रदेश सरकार कोविड पर नियंत्रण पाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS