कारनामा : हरियाणा में मृत महिला को लगा दी कोरोना वैक्सीन

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
कोरोना वैक्सीन को लेकर लगातार गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। बहादुरगढ़ में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां तो एक महिला को मौत के बाद भी वैक्सीन लगा दी गई। फाइनल सर्टिफिकेट भी तैयार कर दिया गया। फोन पर वैक्सीन लगने का मैसेज आने के बाद परिजन भी हैरान हैं। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी है। अधिकारियों ने भी मामले मंे गंभीरता बरतते हुए कार्रवाई की बात कही है।
मामला बहादुरगढ़ शहर का है। दरअसल, आदर्श नगर की निवासी सुमित्रा दहिया का गत चार मई को देहांत हो गया था। इससे पहले 13 अप्रैल को उन्होंने आदर्श नगर स्थित पीएचसी से पहली डोज लगवाई। उनकी मौत के कई महीने बीत जाने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें कागजों में दूसरी डोज लगा दी गई। गत 27 अगस्त को यह मैसेज फोन पर आया तो परिजन भी हैरान हो गए। फिर उन्होंने सर्टिफिकेट डाउनलोड किया। उसमें भी 27 अगस्त को दूसरी डोज लगनी दशाई गई। इसके बाद बेटे योगेश ने अब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी है। योगेश का कहना है कि आधार कार्ड का दुरुपयोग हुआ है या आंकड़े गलत दिखाए गए हैं। दूसरी डोज का सर्टिफिकेट रद्द किया जाए। मामले में लापरवाही करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस घटना के बाद से ये आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं आंकड़े बढ़ाने के लिए तो ऐसा नहीं किया गया। खैर, चिकित्सकों की मानें तो ऐसा तकनीकी गलती के कारण भी हो सकता है। बाकी जांच से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर, डॉ. सुंदरम ने कहा कि उनके संज्ञान में मामला आ गया है। किस वजह से ऐसा हुआ और किस की लापरवाही हुई, इस बारे में अभी जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो दोषी पाया जाता है, उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS