डरा रही कोरोना की रफ्तार : हरियाणा में एक दिन में आठ की मौत, अकेले करनाल में मिले 204 केस

हरियाणा में कोरोना के केसों में तेजी से बढोत्तरी होने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में फिर से कोरोना ने फिर से पैर पसारने शुरु कर दिये हैं। वहीं प्रदेश में एकाएक तेजी से बढ़ते मरीजों ने चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी मेडिकल बुलेटिन के आकंड़ों के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश में 1322 नये कोरोना केस सामने आए और 748 लोग ठीक भी हुुए। वहीं आठ लोगों की कोरोना से मौत भी हो गई।
प्रदेश में अब तक पॉजिटिव केसों की संख्या 2 लाख 82 हजार 944 को पार कर गई है। एक्टिव केस फिलहाल 7795 है। एक्टिव केसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में कोरोना से मरने वालों का आकंड़ा बढ़कर 3125 हो गया है। जिसमें 2104 पुरुष और 1020 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल है। प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट में सुधार हुआ है और अब कोरोना 96.17 फीसदी रिकवरी रेट है।
करनाल में 204 केस मिले
शुक्रवार को करनाल में 204 केस मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं कुरुक्षेत्र में 23 छात्रों सहित कोरोना संक्रमण के 78 नए केस सामने आए है। यमुनानगर में 88, जींद में 29 और कैथल में 53 केस मिले है। करनाल उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से संदिग्ध कुल 260311 व्यक्तियों के सैम्पल लिए गए, जबकि इनमें से 243227 की रिपोर्ट निगेटिव आई है तथा 13635 मामले पोजिटिव है, जिनमें से 167 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है, 1157 एक्टिव है तथा 12311 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं।
कुरुक्षेत्र में शुक्रवार को दो मरीजों की जान गई
कुरुक्षेत्र। जिला में शुक्रवार को 23 छात्रों सहित कोरोना संक्रमण के 78 नए केस सामने आए है। इनमें तीन शिक्षक, एक बैंक कर्मी, ग्राम सचिव, एक मिड-डे-मिल वर्कर, बीडीपीओ कार्यालय का एक कर्मचारी भी शामिल है। कुरुक्षेत्र में 79 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके अलावा कोरोना संक्रमण के कारण गांव खेडी दबदलान से 41 वर्षीय महिला व अन्य की मात हो गई।
मास्क न पहनने पर 6400 का चालान
प्रदेश में भी कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने चिंता बढ़ा दी है। मास्क लगाने और उचित दूरी बनाए रखने जैसी अपील नहीं मानने वालों पर अब हरियाणा पुलिस ने शिकंजा कसने की मुहिम चला दी है। एक ही दिन में छह हजार चार सौ इस तरह के लोगों पर शिकंजा कसा है, जिन्होंने मास्क नहीं लगाया हुआ था। अभी तक हुए चालान के आंकड़ों पर गौर करें, तो 6,98112 के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
वैक्सीन के साथ सख्ती : विज
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर से चिंता जाहिर की है। उन्होंने दोहराया कि अब दवाई भी और कड़ाई भी दोनों बातों पर चलना होगा। लोगों को जागरूक किया जा रहा है लेकिन लापरवाही बढ़ने के साथ ही संक्रमण भी बढ़ गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS