थाने में हो रही थी काउंसलिंग, ससुराल वालों ने पुलिस के सामने ही दामाद का किया ये हाल

थाने में हो रही थी काउंसलिंग, ससुराल वालों ने पुलिस के सामने ही दामाद का किया ये हाल
X
काउंसलिंग के दौरान मायका तथा ससुराल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। नौबत मारपीट तथा हाथापाई तक जा पहुंची। इसी बीच महिला के पति को पीठ में नुकीली वस्तु घोंप दी।

हरिभूमि न्यूज. जींद

महिला थाना में दंपत्ति के बीच विवाद के चलते की जा रही काउंसलिंग के दौरान मायका तथा ससुराल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। नौबत मारपीट तथा हाथापाई तक जा पहुंची। इसी बीच महिला के पति को नुकीली वस्तु पीठ में घोंप दी। जिसे गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव अकालगढ़ निवासी सचिन और उसकी पत्नी रितू के बीच विवाद चला आ रहा है। रितू ने महिला थाना में पति सचिन के खिलाफ शिकायत दी हुई है। शुक्रवार को महिला थाना में दोनों को काउंसलिंग के लिए बुलाया था। सचिन अपनी माता तथा पिता के साथ पहुंचा था, जबकि रितू के मायका पक्ष के लोग भी थाना में आए हुए थे। दोपहर बाद महिला थाना परिसर में दोनों पक्षों की घरेलू स्तर पर पंचायत चली हुई थी कि उसी दौरान दोनों पक्ष गाली गलौच के साथ-साथ हाथापाई पर उतर आए। इसी बीच सचिन की पीठ में कोई नुकीली वस्तु घुसेड दी। जिसमें वह लहु लुहान हो गया। थाना में मारपीट होती देख महिला पुलिस कर्मियों ने बीच बचाव की कोशिश की और सिविल लाइन थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। जब तक सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक झगड़ रहे कुछ लोग खिसक चुके थे। घायल सचिन को सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालात गंभीर देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महिला थाना प्रभारी गीता देवी ने बताया कि दंपत्ति को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। दोनों पक्षों के लोग भी आए हुए थे। किसी बात को लेकर उनमे विवाद हो गया। जिसमे एक व्यक्ति घायल हुआ है। सिविल लाइन थाना पुलिस को मौके पर बुला लिया गया था।

सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल व्यक्ति के बारे में अस्पताल से रूका मिला था, पुलिस जब सामान्य अस्पताल पहुंची तो उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था। घायल के ब्यान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


Tags

Next Story