आवारा पशुओं का आतंक : गाय ने भाजपा नेता की भतीजी को पैराें से रौंदा, एक दिन पहले भी ली थी बुजुर्ग की जान

आवारा पशुओं का आतंक : गाय ने भाजपा नेता की भतीजी को पैराें से रौंदा, एक दिन पहले भी ली थी बुजुर्ग की जान
X
जब युवती को लोगों ने बचाने का प्रयास किया तो गाय ने उन पर भी हमला कर दिया। बाद में बड़ी मुश्किल से युवती को गाय से छुड़वाकर तुरंत उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

हरिभूमि न्यूज : हिसार

जवाहर नगर एरिया में एक बुजुर्ग को बेसहारा पशु की टक्कर से हुई मौत को एक दिन बाद मंगलवार को दोपहर को इंद्रा कॉलोनी में बेसहारा पशु ने भाजपा नेता कर्णसिंह राणोलिया की भतीजी एवं गुजवि में एमबीए की छात्रा को बुरी तरह रौंद डाला। इतना ही नहीं जब युवती को आसपास के लोगों ने बचाने का प्रयास किया तो गाय ने उन पर भी हमला कर दिया। बाद में बड़ी मुश्किल से युवती को गाय से छुड़वाकर तुरंत उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। गाय द्वारा हमले की यह पूरी घटना पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

उधर, शहरवासियों ने आए दिन बेसहारा पशुओं के बढ़ रहे हमलों को लेकर नगर निगम के पशु पकड़ो अभियान पर सवाल उठाए हैं। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में एमबीए की छात्रा एवं इंद्रा कॉलोनी निवासी भतीजी संजोलिका ने बताया कि मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी। सामान लेकर जब वह वापस आ रही थी तो एक गाय पीछे से आई और टक्कर मारने लगी। इस दौरान वह नीचे गिर गई। गाय उसे लगातार मारती रही। गाय ने अपने पैरों से रौंद डाला। जब उसने बचाव के लिए शोर मचाया तो आसपास के लोग उसके बचाने के लिए आए। गाय के जो भी पास आया, उसे भी गाय ने टक्कर मारी।

संजोलिका के अनुसार जब लोगों ने गाय को लाठियां से पीटा और हिम्मत जुटाकर उसे गाय के पैरों के बीच से बाहर निकाला। इसके बाद गाय वहां से भाग गई। गाय के हमले से संजोलिका बेहोश हो गई। गंभीर रूप से घायल संजोलिका को उपचार के लिए पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस घटना के बाद से वह बुरी तरह सहमी हुई है। उल्लेखनीय है कि सोमवार की सुबह जवाहर नगर के 85 वर्षीय बुजुर्ग सुंदरदास सचदेवा एक मंदिर से पूजा-अर्चना कर आ रहे थे। इस दौरान जवाहर नगर में ही गली के नुक्कड़ पर सामने से आ रही एक गाय ने उन्हें सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया था। बाद में उन्होंने उनकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

Tags

Next Story