Crop Rate : किसानों के लिए मुनाफे का सौदा बन रही 1509 धान और कपास, बीते साल से अधिक मिल रहे भाव, जानें ताजा रेट

Crop Rate : किसानों के लिए मुनाफे का सौदा बन रही 1509 धान और कपास, बीते साल से अधिक मिल रहे भाव, जानें ताजा रेट
X
मार्केट कमेटी में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार 28 सितंबर को धान 1509 का सबसे अधिक भाव 3740 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा।

उचाना ( जींद )

धान 1509 किसानों के लिए फायदे का सौदा बन रही है। इन दिनों जो भाव किसानों को मिल रहे है वो बीते साल से काफी अधिक है। मार्केट कमेटी में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार 28 सितंबर को सबसे अधिक भाव धान 1509 का 3740 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा। बीते साल सबसे अधिक भाव इन दिनों 2043 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा था। इस बार बीते साल से अधिक भाव किसानों को प्राइवेट बोली पर मिल रहे हैं।

कपास के भाव भी अधिक

धान 1509 के साथ-साथ कपास के भाव भी बीते साल से अधिक किसानों को इन दिनों मिल रहे है। इस बार हालांकि कपास की आवक कम होने की संभावना है क्योंकि कपास की बिजाई कम होने के साथ-साथ कपास की फसल भी बारिश का पानी खेतों में भरने से खराब हुई है। कपास का भाव 8812 रुपये प्रति क्विंटल सबसे अधिक रहा। बीते साल इन दिनों भाव 6905 रुपये प्रति क्विंटल कपास के किसानों को मिल रहे थे।

धान के भाव बढ़ने से खुश किसान

किसान प्रताप, राजेंद्र, बलदेव ने कहा कि इस बार धान 1509 के भाव सीजन की शुरूआत से ही बीते साल से अधिक मिल रहे है। भाव अधिक मिलने से किसानों के चेहरे खुश है क्योंकि कई बार भाव कम मिलने से किसान को आर्थिक नुकसान होता है। इस बार बेशक उत्पादन धान का कम हो लेकिन भाव अधिक मिलने से किसान को नुकसान नहीं होगा। आने वाले दिनों में भाव बढ़ने की उम्मीद किसानों को है। मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुंडू ने कहा कि कपास, धान 1509 के भाव बीते साल से अधिक किसानों को प्राइवेट बोली पर मिल रहे हैं।

Tags

Next Story