साइकिलिंग कैंप : पहली बार हरियाणा के पांच खिलाड़ियों ने बनाई जगह

कुरुक्षेत्र : साइकिलिंग के इंडिया कैंप में पहली बार प्रदेश के पांच होनहार खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है। यह खिलाड़ी पिछले कई दिनों से इंडिया कैंप में पसीना बहा रहे हैं। इसी कैंप से आजादी के अमृत महोत्स्व के कार्यक्रमों की श्रृंखला की कड़ी में जून में आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों को चयन किया जाएगा और इसके बाद यही खिलाड़ी जुलाई में राष्ट्रमंडल खेलों में अपना दम खम दिखाएंगे। साइकिलिंग का इंडिया कैंप भी प्रदेश में पहली बार लगा है।
साइकिलिंग फेडरेशन आफ इंडिया के सह सचिव एवं हरियाणा स्टेट साइकिलिंग एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव नीरज तंवर ने कहा कि कोरोना काल के बाद जून माह में साइकिलिंग की एशियन चैंपियनशिप होनी है। इसके अगले ही माह जुलाई में राष्ट्रमंडल खेल होंगे। इन प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम ने भी पदक जीतने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए 25 मार्च से इंडिया कैंप की शुरुआत कर दी गई है। कुरुक्षेत्र के पिहोवा में लगाए गया यह इंडिया कैंप दो मई तक चलेगा। इस कैंप में हिस्सा ले रहे देश भर के 14 खिलाड़ी पिहोवा के साथ लगते गांव मुर्तजापुर के पास ही एक्सप्रेस वे 152जी पर पसीना बहा रहे हैं। इन खिलाड़़ियों में प्रदेश के भी पांच खिलाड़ी शामिल है।
उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने इंडिया कैंप में जगह बनाई है। इतना ही नहीं इस बार इंडिया कैंप भी पहली बार प्रदेश में लगाया जा रहा है। प्रदेश के युवा पहले ही साइकिलिंग में विश्व भर में नाम चमका रहे हैं। इस बार प्रदेश के खिलाड़ी इतिहास रचेंगे। इन खिलाड़ियों में कुरुक्षेत्र से साहिल, फतेहाबाद से अनिल, झज्जर से मीनाक्षी, फतेहाबाद से राजबाला, गुरुग्राम से वृंदा ने अपनी जगह बनाई है। इंडियन टीम के कोच वीएन सिंह ने बताया कि 25 मार्च से शुरू हुआ कैंप 2 मई 2022 तक चलेगा। इसके बाद मई के अंतिम सप्ताह में ट्रायल लिया जाएगा। इसमें चयनित खिलाड़ी एशियन चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS