पुलिस प्रोटेक्शन हाउस में फंदे पर लटका मिला युवती का शव, एक दिन पहले ही की थी लव मैरिज

पुलिस प्रोटेक्शन हाउस में फंदे पर लटका मिला युवती का शव, एक दिन पहले ही की थी लव मैरिज
X
गायत्री के साथ फ्लैट में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी व प्रोटेक्शन में रह रही एक अन्य युवती भी थी। तीनों अलग-अलग कमरे में सो रहे थे। सुबह महिला पुलिस कर्मी ने देखा कि गायत्री का शव उसकी चुन्नी के फंदे पर झूल रहा था।

फरीदाबाद। सेक्टर-30 पुलिस लाइन स्थित प्रोटेक्शन हाउस में शनिवार तडक़े 21 वर्षीय युवती का शव फंदे पर झूलता मिला। उसके परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती ने परिजनों की रजामंदी के बिना एक दिन पहले ही आर्य समाज मंदिर में प्रेमी से शादी की थी। अदालत के आदेश पर शुक्रवार को ही वह पति के साथ प्रोटेक्शन हाउस पहुंची थी। युवती का नाम गायत्री है। वह गांव हीरापुर की रहने वाली थी।

सेक्टर-31 थाना प्रभारी विरेंद्र खत्री ने बताया कि गायत्री पलवल के कालेज में एमबीए की छात्रा थी। गांव औरंगाबाद का रहने वाला दिनेश युवती के साथ पढ़ता था। दोनों एक-दूसरे को करीब तीन साल से जानते थे और प्रेम करते थे। शुक्रवार को उन्होंने परिजन की सहमति के बिना आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद अदालत से सुरक्षा की गुहार लगाई। अदालत के आदेश पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षा दी और सेक्टर-30 पुलिस लाइन स्थित प्रोटेक्शन हाउस में पहुंचा दिया। प्रोटेक्शन हाउस में पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग फ्लैट हैं। शुक्रवार रात गायत्री महिलाओं वाले फ्लैट में सोई थी, वहीं दिनेश पुरुषों वाले फ्लैट में।

गायत्री के साथ फ्लैट में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी व प्रोटेक्शन में रह रही एक अन्य युवती भी थी। तीनों अलग-अलग कमरे में सो रहे थे। सुबह महिला पुलिस कर्मी ने देखा कि गायत्री का शव उसकी चुन्नी के फंदे पर झूल रहा था। उसने तुरंत उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सेक्टर-31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। पुलिस की फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। चूंकि मृत्यु पुलिस के सुरक्षा में हुई है, इसलिए मामले की न्यायिक जांच के लिए अदालत की तरफ से प्रथम श्रेणी न्यायाधीश रूपम को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उनकी निगरानी में ही पुलिस ने सभी कार्रवाई की।

शुक्रवार को गायत्री परीक्षा देने घर से निकली थी

गायत्री के पिता पुष्पेंद्र ने बताया कि शुक्रवार को बेटी परीक्षा देने घर से निकली थी। उसका एमबीए का अंतिम पेपर था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजन ने उसकी तलाश की। जब उसका कहीं पता नहीं चला तो गुमशुदगी की रिपोर्ट छांयसा थाने में दर्ज करवा दी। देर रात पुलिस ने फोन पर सूचना दी कि गायत्री उनकी सुरक्षा में है। वे सुबह आकर उससे मिल सकते हैं। सुबह उन्हें उसकी मृत्यु का समाचार मिला। उन्होंने आरोप लगाया है कि दिनेश ने ही गायत्री की हत्या की है।

परिजन ने किया हंगामा

गायत्री की मृत्यु की सूचना मिलने पर उसके परिजन सेक्टर-30 पुलिस लाइन पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने केवल उसके माता-पिता को ही पुलिस लाइन के अंदर जाने की इजाजत दी, बाकी लोगों को गेट पर रोक दिया। उन लोगों ने अंदर जाने के लिए खूब हंगामा किया। पुलिस कर्मियों के साथ उनकी नोकझोंक भी हो गई। उन्होंने पुलिस पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया।

क्या कहते हैं पुलिस प्रवक्ता

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह करीब 6.45 बजे थाना पुलिस सेक्टर 31 को प्रोडक्शन हाउस इंचार्ज की तरफ से एक लडक़ी के सुसाइड करने की सूचना प्राप्त हुई कि प्रोडक्शन हाउस में कल 29 जुलाई को आई लडक़ी गायत्री ने सुसाइड कर लिया है। जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना प्रबंधक व एसीपी ओल्ड महेंद्र वर्मा पुलिस लाइन सेक्टर 31 में पहुंचे उच्च अधिकारियों को घटना के संबंध में सूचना दी और सुसाइड मामले में फरीदाबाद के माननीय सेशन जज को जांच करने के लिए मजस्ट्रिेट नियुक्त करने के लिए पत्र लिखा कर रिक्वेस्ट दी गई। जिस पर जज रूपम को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। जज मौके पर पहुंची और थाना प्रबंधक व सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया।

Tags

Next Story