फरीदाबाद : घर से साइकिल लेकर निकले 12 वर्षीय बच्चे की गला दबाकर हत्या, झाड़ियों में मिला शव

फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र के यमुना किनारे बसे गांव बसंतपुर में बृहस्पतिवार शाम घर से साइकिल चलाने निकले 12 वर्षीय बच्चे की किसी ने हत्या कर दी। हत्या के बाद शव यमुना किनारे झाडिय़ों में फेंक दिया। शुक्रवार को बच्चे का शव बरामद हुआ है। पल्ला थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव बसंतपुर निवासी बलेश्वर का 12 वर्षीय बेटा तनिष्क बृहस्पतिवार शाम घर से अपनी साइकिल लेकर निकला था। देर शाम तक जब वह नहीं लौटा तो परिवार वालों को चिंता हुई। उन्होंने तनिष्क की तलाश शुरू की। यमुना से थोड़ा पहले एक झोंपड़ी के पास परिजन को तनिष्क की साइकिल खड़ी मिल गई, मगर उसका कुछ पता नहीं चला। रातभर परिवार वाले उसकी तलाश करते रहे। शुक्रवार शाम करीब तीन बजे यमुना किनारे एक झाड़ी में तनिष्क का शव पड़ा मिला। पुलिस का अनुमान है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई। उसके चेहरे पर भी निशान है। इससे अंदाजा है कि हत्या के बाद उसका चेहरा बिगाडऩे का प्रयास किया गया। अभी हत्या का कारण व हत्या करने वाले के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस टीम मामले को सुलझाने के प्रयास में जुटी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS