नशे के खिलाफ आवाज उठाना पड़ा महंगा : खाप के प्रधान पर जानलेवा हमला, गाड़ी व सवा पांच लाख रुपये भी लूटे

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे गुलिया तीसा खाप के प्रधान विनोद गुलिया पर रविवार की देर रात को कातिलाना हमला हो गया। हमलावरों ने उनसे मारपीट की और मारने की नीयत से गोली चला दी। संयोगवश गोली नहीं लगी। जैसे-तैसे प्रधान ने भागकर अपनी जान बचाई। वारदात के बाद हमलावर प्रधान की गाड़ी, मोबाइल और सवा पांच लाख रुपये भी ले गए। हमले में प्रधान के हाथ सहित अन्य हिस्सों में काफी चोट आई है। उनकी शिकायत पर बादली थाना पुलिस ने 307 सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खाप प्रधान विनोद रविवार की रात करीब पौने दस बजे अपने भाई ( ताऊ के लड़के ) के घर गए थे। वहां घर के नजदीक ही कुछ लोग मौजूद थे। विनोद का उनके साथ झगड़ा हो गया। उन लोगों से विनोद पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद गोली भी चला दी। संयोगवश गोली नहीं लगी। जिसके बाद भागकर विनोद ने जान बचाई। इसके बाद परिजनों ने विनोद को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। प्रधान के हाथ, सिर सहित अन्य हिस्सों में चोट आई है। उधर, सूचना मिलते ही बादली थाना पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी जसबीर सिंह दलबल के साथ वारदात स्थल पर पहुंचे और तफ्तीश शुरू की। एक टीम घायल के बयान लेने अस्पताल गई।
प्रधान विनोद ने दी ये शिकायत
प्रधान विनोद के अनुसार, जब भाई के मकान के नजदीक पहुंचा तो वहां पहले से ही गांव के निवासी विकास, विकास का भाई, राजा सहित कई और युवक खड़े थे। विकास ने गला पकड़ लिया और बोला कि आज हम तन्नै पंचायती बणावंगे। फिर विकास के पिता राजा व अन्यों नंे लाठी-डंडों और फरसों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद विकास हथियार निकाल कर बोला कि तुझे गोली मारुंगा। बचने के लिए मैंने भी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली और वहां से भागने लगा। जब गाड़ी की तरफ पहुंचने लगा तो विकास ने गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली नहीं लगी। जैसे-तैसे भागकर अपन जान बचाई। इसके बाद विकास मेरी क्रेटा गाड़ी लेकर वहां से चंपत हो गया। गाड़ी में लाइसेंस, रिवाल्वर की मैग्जीन, मोबाइल व पांच लाख 30 हजार रुपये की नकदी थी।
भरी पंचायत में भी मिली थी धमकी
दरअसल, बादली इलाके में पिछले कुछ समय में नशे का चलन बढ़ गया था। गुलिया खाप के प्रधान विनोद ने नशे के खिलाफ आवाज उठाई। गांव में कई बार पंचायतें हुई। जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। तब से पुलिस लगातार नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर शिकंजा कस रही है। इसी वजह से विनोद से कुछ लोग रंजिश पाले हुए हैं। चर्चा है कि इस हमले की वजह भी यही है। कुछ समय पहले भी प्रधान को पंचायत के बीच धमकी दी गई थी। प्रधान के परिजनाें और ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS