जहर निगलने से पिता पुत्री की मौत : बेटी थी जन्म से दिव्यांग, मानसिक रूप से परेशान था पिता

हरिभूमि न्यूज बहादुरगढ़ । शहर के दयानंद नगर में जहर निगलने से पिता-पुत्री की मौत हो गई। युवती जन्म से ही दिव्यांग थी और उसका पिता मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। हालातों से दुखी होकर यह कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शवों को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। वीरवार को नागरिक अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।
मृतकों की पहचान करीब 45 वर्षीय सुनील और करीब 21 वर्षीय अंशु के रूप में हुई है। सुनील यहां दयानंद नगर में कृष्णा गार्डन के पास रह रहा था। तीन बच्चों (दो बेटी-एक बेटा) का पिता था। सुनील की बड़ी बेटी अंशु जन्म से ही शारीरिक और मानसिक रूप से अक्षम थी। बुधवार की दोपहर को जहरीला पदार्थ निगलने से दोनों की तबीयत बिगड़ गई। जब तक परिजन संभाल पाते, अंशु दम तोड़ चुकी थी। वहीं सुनील की सांस चल रही थी। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर सिटी थाना प्रभारी अशोक दहिया, सेक्टर-9 चौकी प्रभारी अंकित कुमार मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
दोनों शवों को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया है। जब घटनाक्रम हुआ तो सुनील की पत्नी बच्चाें के एडमिशन के लिए स्कूल गई हुई थी। पीछे से मकान में सुनील, अंशु व उसका बेटा ही था। मां के घर आने पर बेटे ने बताया कि पापा ने कुछ खा लिया है, उनकी तबीयत बिगड़ गई है। इसके बाद पिता-पुत्री को संभाला गया लेकिन देर हो चुकी थी। सुनील नशा करता था और मानसिक रूप से परेशान रहता था। अंदेशा ये भी है कि शायद बीमार बेटी का ईलाज करते-करते वह हार मान गया और यह कदम उठा लिया। पुलिस की माने तो कुछ समय पहले सुनील ने आत्महत्या का भी प्रयास किया था। पिता-पुत्री की मौत की असल वजह अभी जांच का विषय है लेकिन इस घटना से आसपड़ोस के लोग भी आहत हैं।
सिटी थाना बहादुरगढ़ के एसएचओ अशोक दहिया ने बताया कि दयानंद नगर में पिता-पुत्री द्वारा जहर निगलने की सूचना मिली थी। युवती की मौके पर मौत हो गई थी और उसके पिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि लड़की दिव्यांग थी और उसका पिता मानसिक रूप से परेशान था। बाकी असल कारण अभी जांच का विषय है। परिजनों के बयान पर आगामी कार्रवाई होगी। वीरवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS