दीनबंधू छोटूराम यूनिवर्सिटी : दिन में होती है हुक्का पार्टी, रात को खड़काए जाते हैं शराब के गिलास !

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
मुरथल के दीनबंधू छोटूराम विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय ( डीसीआरयूएसटी ) और विवादों का चोली-दामन का साथ हो चला है। आए दिन कोई ना कोई विवाद विवि से सामने आ रहे हैं। अभी विश्वविद्यालय में स्वीमिंग पूल निर्माण के दौरान लाखों रुपये के घपले के आरोप ठंडे भी नहीं पड़े थे कि अब एक नया विवाद सामने आ रहा है। इस विवाद की वजह से विवि के परिसर में चल रही अवैध गतिविधियां हैं। शिक्षा का मंदिर माने जाने वाले शिक्षण संस्थान में हुक्का पार्टी कर शराब का सेवन करने का मामला सामने आया है।
इतना ही नहीं शराब के नशे में धुत्त विवि के ही एक कर्मचारी की पत्नी के साथ बदतमीजी की भी जानकारी मिली है। इस पूरे मामले में पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री के नाम शिकायत भेजी है। इस शिकायत की कॉपी विवि के कुलसचिव को भी भेजी है। शिकायत में उन्होंने सुरक्षा को खतरे में बताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग उठाई है। जानकारी अनुसार मुरथल विवि के कर्मचारियों के लिये बनाए गए क्वार्टर के जी ब्लॉक में रहने वाले एक महिला ने मुख्यमंत्री के नाम एक शिकायत भेजी है। शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पति विवि में कार्यरत हैं और उनका जी ब्लॉक में र्क्वाटर है।
महिला का कहना है कि पास में ही एक झोपड़ी नुमा ढांचा खड़ा किया गया है। आरोप है कि यहां पर दिन भर 10 से 15 लोग खुले में हुक्का पार्टी करते रहते हैं और रात को शराब पार्टी होती है। महिला का आरोप है कि 2 मार्च की रात को वह अपने पति के साथ रात को 9 बजे टहलने निकले थे। इसी झोपड़ी में पार्टी चल रही थी, 10-15 लोगों ने महिला को अकेला समझ कर असभ्य भाषा का प्रयोग किया। कुछ ही दूरी पर उसके पति कुत्तों को खाना डाल रहे थे। इसका जब विरोध किया तो उन लोगों ने गाली-गलौच शुरू कर दिया। आरोप है कि इस मामले में देर रात ही विवि के सुरक्षा अधिकारी को फोन किया था, इसके बावजूद पार्टी चलती रही। महिला का आरोप है कि विवि प्रबंधन को पूरी जानकारी है कि यहां क्या हो रहा है, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। महिला ने मुख्यमंत्री के नाम भेजी शिकायत को विवि के कुलसचिव को भी भेजा है।
विवि में टंकियों में भरे हैं उपले, दिनभर चलती है पार्टी
शिकायकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विवि में इस स्थान पर दिन भर हुक्का पार्टी चलती है। इन आरोपों को पास में रखी पानी की टंकियां बल देती है। क्योंकि इन टंकियों में गोबर से बने उपले भरे हुए हैं। र्क्वाटरों के साथ में ही शेड डालकर यह जगह बनाई गई है। कागजों के हिसाब से भी देखें तो यह निर्माण अनुचित तरीके से किया गया है। विवि के कई अन्य निवासियों ने भी नाम उजागर ना करने की शर्त पर बताया कि इस शेड के नीचे दिन में दिन में भी हुक्का गुड़गुड़ाया जाता है। हुक्के का प्रयोग हरियाणा के लिए नया नहीं है, लेकिन विवि परिसर में इस तरह से खुलेआम हुक्के का प्रयोग करना कहीं ना कहीं विद्यार्थियों पर बुरा प्रभाव छोड़ेगा ही।
पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
विवि में इस तरह से शराब के नशे में हुड़दंग बाजी का मामला कोई नया नहीं है। कई मामले इस तरह के सामने आ चुके हैं। कुछ समय पहले तो एक एचसीएस अधिकारी पर विवि के गेस्ट हाउस में शराब पीकर हुड़दंग करने के आरोप लगे थे। उस मामले में बकायदा एचसीएस अधिकारी पर अंदरूनी स्तर पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई भी की थी। क्योंकि विवि का गेस्ट हाउस लड़कियों के हॉस्टल के ठीक सामने हैं और देर रात जब वह हंगामा हुआ था, उस समय एक तरफ विवि में कार्यरत सभी कर्मचारियों ने एक सुर में अधिकारी का विरोध किया था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS