Deepender Hooda बोले : केंद्रीय गृह मंत्री बताए हरियाणा में सीएम भूपेंद्र हुड्डा या मनोहरलाल खट्टर

Haryana : राज्यसभा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने 2 दिन पूर्व सिरसा में हुई भाजपा रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए सीधा सवाल किया कि केन्द्रीय गृह मंत्री बताएं, हरियाणा में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) हैं या मनोहर लाल खट्टर। भाजपा हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की लोकप्रियता से कितनी घबराई हुई है, इसका स्पष्ट प्रमाण केंद्रीय गृह मंत्री का सिरसा में दिया गया भाषण है। अमित शाह द्वारा बार-बार हुड्डा साहब का नाम लेना दर्शाता है कि हरियाणा में भूपेंद्र हुड्डा की लोकप्रियता सर चढ़कर बोल रही है।
उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा की लोकप्रियता को देखते हुए हर विरोधी पार्टी के नेताओं में चिंता होना स्वाभाविक है। हरियाणा में बीजेपी सरकार बनने के 9 साल बाद भी केंद्रीय गृह मंत्री, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा से सवाल पूछ रहे हैं। जबकि, प्रजातंत्र में विपक्ष सवाल पूछता है और सरकार जवाब देती है। लेकिन 9 साल की सरकार के बाद भी गृह मंत्री के भाषण से ऐसा लग रहा था कि वे विपक्ष की रैली को संबोधित कर रहे हैं। भाजपा ने नौ साल के बाद भी शिक्षा और स्वास्थ्य की जो 4 परियोजनाएं गिनवाई, वो हमारी सरकार की हैं। राष्ट्रीय कैंसर संस्थान, आयुष विश्वविद्यालय के जो काम गिनवाए वो हमने न केवल मंजूर कराए बल्कि इनका शिलान्यास भी हो चुका था। इन संस्थानों के शिलान्यास के फोटो जारी करते हुए उन्होंने कहा कि बाढसा एम्स-2 परिसर में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट कांग्रेस सरकार की देन था और इसका शिलान्यास जनवरी 2014 में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने किया था।
बाढसा एम्स-2 परिसर में कुल 11 संस्थान मंजूर कराए थे। इसी प्रकार ट्रिपल आईटी, सोनीपत का शिलान्यास दिसंबर 2013 में तत्त्कालीन मानव संसाधन मंत्री डॉ. पल्लम राजू व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा किया गया। कुरुक्षेत्र का शिलान्यास तत्कालीन वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा मई 2013 में किया गया। कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि 1972 में कृष्ण आयुर्वेद कॉलेज को कांग्रेस सरकार ने शुरू किया था, उसको भी भाजपा ने अपना काम बता दिया। उन्होंने तंज़ कसा कि 9 साल की सरकार चलाने के बाद भी उनके पास गिनवाने के लिए अपनी सरकार के कोई काम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता आज सवाल पूछ रही है कि कांग्रेस सरकार के समय मंजूर हजारों करोड़ के बड़े प्रोजेक्ट हरियाणा से बाहर कैसे चले गए। गृह मंत्री ये बताएं कि रेल बजट में मंजूर सोनीपत में लगने वाली रेल कोच फैक्ट्री बनारस क्यों चली गई? महम हांसी और भिवानी के बीच बनने वाला इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर क्यों चला गया। गृह मंत्री हरियाणा की जनता को बताएं कि गुरुग्राम में मंजूर कराया गया देश का पहला रक्षा विश्वविद्यालय गांधी नगर गुजरात में कैसे चला गया? 205 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस रक्षा विश्वविद्यालय की आधारशिला वर्ष 2013 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने रखी थी। ये सारे बड़े प्रोजेक्ट जाते रहे और हरियाणा की सरकार चुप बैठी रही।
हरियाणा के लोग ये सवाल भी पूछ रहे कि 9 साल में हरियाणा का भट्ठा क्यों बैठा? गृह मंत्री ये बताएं कि प्रति व्यक्ति आय निवेश में नंबर 1 पर रहने वाला हरियाणा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध नशाखोरी में नंबर 1 पर कैसे चला गया? 3 दिन पहले आई एक रिपोर्ट में बताया कि हरियाणा महंगाई में नंबर 1 पर है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी इस रिपोर्ट में हरियाणा दलितों, महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर 1 पर और सामाजिक प्रगति सूचकांक में हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य है। नशाखोरी के चलते होने वाली मृत्यु के मामले में भी हरियाणा नंबर 1 बन गया। लेकिन अपने भाषण में गृह मंत्री ने इसका कोई जवाब नहीं दिया। हरियाणा की बीजेपी जेजेपी सरकार सबसे विफल सरकार है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS