हरियाणा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, अकाली दल के कार्यकर्ता Police से भिड़े, बहादुरगढ़ में मेट्रो स्टेशन बंद

बहादुरगढ़ : दिल्ली हरियाणा सीमा पर स्थित झाड़ोदा बॉर्डर पर वीरवार शाम को हालात उस समय बिगड़ गए, जब दिल्ली पुलिस ने पंजाब से आ रहे वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी। दरअसल, पंजाब से विभिन्न वाहनों में सवार होकर शिरोमणि अकाली दल और बसपा गठबंधन के कार्यकर्ता दिल्ली में शुक्रवार को काला दिवस मनाने जा रहे थे। अकाली कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस में देर रात तक नोकझोंक जारी रही। वहीं शुक्रवार सुबह डीएमआरसी ने अकालियों के दिल्ली कूच के चलते बहादुरगढ़ के मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए हैं।
बता दें कि शिरोमणि अकाली दल ने तीनों कृषि कानून के एक साल पूरा होने पर दिल्ली में काला दिवस मनाने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद अकाली कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कूच शुरू कर दिया। अकाली दल ने रकाबगंज गुरुद्वारा से लेकर संसद भवन तक मार्च निकालने का फैसला किया है। इसके लिए अकाली दल के कार्यकर्ता पंजाब से बहादुरगढ़ के रास्ते दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब की ओर जा रहे थे। लेकिन, दिल्ली पुलिस लाइव बहादुरगढ़ के झाड़ोदा बॉर्डर पर नाकाबंदी कर पंजाब नंबर के सभी वाहनों को रोकना शुरू कर दिया।
वीरवार शाम को पुलिस की सख्ती के साथ ही यहां पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर रात तक अकाली कार्यकर्ता दिल्ली पुलिस के साथ उलझते रहे। बावजूद इसके पुलिस ने उन्हें दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया। बहरहाल रात तक झाड़ोदा बॉर्डर पर तनाव की स्थिति बनी रही। कड़ी तलाशी के कारण लंबा जाम लगने से वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। बावजूद इसके दिल्ली पुलिस ने एक एक वाहन को चेक करने के बाद ही दिल्ली में प्रवेश करने दिया। वहीं शुक्रवार सुबह से प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली की सीमाएं सील है। झाड़ौदा बॉर्डर, निजामपुर बॉर्डर, सिद्दीपुर गांव, जोहनती बॉर्डर बन्द हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS