अब ईबीपीजी आरक्षण की बहाली को लेकर ब्राह्मण समाज ने भरी हुंकार, 12 जून तक का सरकार को दिया अल्टीमेटम

अब ईबीपीजी आरक्षण की बहाली को लेकर ब्राह्मण समाज ने भरी हुंकार, 12 जून तक का सरकार को दिया अल्टीमेटम
X
अखिल भारतीय ब्राह्मण आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिराम दीक्षित ने कहा 12 जून को सदस्यों की बैठक बुलाकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा।

हरिभूमि न्यूज : जींद

अखिल भारतीय ब्राह्मण आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिराम दीक्षित ने कहा कि भाजपा सरकार को ब्राह्मणों ने बनाया था। अब भाजपा ब्राह्मणों को बैकफूट पर धकेल रही है। जिसका खामियाजा भाजपा को भुगतना पडेगा। ईबीपीजी को सरकार तुरंत प्रभाव से बहाल करे नहीं तो 12 जून को सदस्यों की बैठक बुलाकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा। हरिराम दीक्षित मंगलवार को ब्राह्मण धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ब्राह्मणों की अनदेखी की थी। जिसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पडा था। रामबिलास शर्मा के नेतृत्व में भाजपा ने चुनाव लडा तो ब्राह्मणों के सहयोग से भाजपा की सरकार बनी। रामबिलास शर्मा की अनदेखी कर मनोहरलाल को सीएम बना दिया। भाजपा सरकार ने ब्राह्मण, बनिया, पंजाबी तथा राजपूत को दिए गए ईबीपीजी कोटे को खत्म कर दिया। 241 बच्चे सलैक्शन होने के बाद भी ज्वाइनिंग करने के लिए ठोकर खाते फिर रहे है। जबकि ईबीपीजी पर कोई स्टे नहीं है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में ब्राह्मण समाज से न कोई एसपी लगा है न कोई डीसी, न ही किसी विभाग का चेयरमैन ब्राह्मण है। न ही किसी विश्वविद्यालय का कोई ब्राह्मण वीसी है। पराहवर जमीन को लेकर भाजपा का चेहरा सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि सीएम एक कान से संजय भाटिया की सुनते है तो दूसरे कान से मनीष ग्रोवर की सुनते है। इसके अलावा उन्हें कोई दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि अगर ब्राह्मण सरकार बनाना जानता है तो उसे उखाडना भी जानता है।

उन्होंने चेताया कि अगर 13 जून तक सरकार ने ईबीपीजी कोटे के छात्रों को ज्वाइनिंग नहीं दी और ब्राह्मण समाज की मांगों को नहीं माना तो 12 जून को 102 सदस्यीय कमेटी की बैठक बुलाकर भाजपा के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया जाएगा। इस मौके पर ब्राह्मण सभा के प्रधान सियाराम शास्त्री, पूर्व अध्यक्ष रामफूल शर्मा समेत ब्लॉक अध्यक्ष व कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे।

Tags

Next Story