कैथल में उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल की मूर्ति का किया अनावरण

कैथल। उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रविवार को सेक्टर-20 में पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवी लाल की 109वीं जयंती पर उनकी मूर्ति का अनावरण किया। कार्यक्रम स्थल पर सबसे पहले उन्होंने पार्क स्थल पर हवन यज्ञ में आहूति डाली। इस मौके पर उनके साथ पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह, विधायक ईश्वर सिंह, विधायक रामकरण काला, विधायक अमरजीत सिंह ढांडा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर ताऊ देवी लाल अमर रहे के नारे गूंजते रहे। इस कार्यक्रम के बाद उन्होंने स्थानीय आरके फार्म में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की तथा लोगों को संबोधित किया।
उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूर्व उप-प्रधानमंत्री ताऊ देवी लाल किसान, कमेरों व जन-जन के मसीहा थे। उन्होंने अपना सारा जीवन आमजन की सेवा में बिताया। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने सदैव जरूरतमंदों के कल्याणार्थ अनेकों योजनाएं लागू की, जिसका लाभ आज भी मिल रहा है। देश व प्रदेश में उनका नाम बड़े आदर के साथ लिया जाता है। उनके जीवन से आज सभी प्रेरणा ले रहे हैं कि किस तरह दूसरों के भले के लिए उन्होंने कार्य किए। हम सभी को उनके विचारों को आगे ले जाने का कार्य करना चाहिए। जन-जन को उनकी जीवनी के बारे में बताने का काम हमें करना है। उनके दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए पीढ़ी दर पीढ़ी जन सेवा का कार्य किया जा रहा है और आगे भी ऐसे ही जन सेवक बनकर लोगों की सेवा करते रहेंगे। ताऊ देवी लाल को नमन करते हुए आज प्रदेश भर में 108 लाइब्रेरी खोली गई हैं, क्योंकि शिक्षा के प्रति उनका विशेष रूझान रहा था। गांवों में लाइब्रेरी खुलने से स्थानीय युवाओं को पढ़ने का मौका मिलेगा और यही बच्चे शिक्षा के बल पर आगे चलकर ऊंचे से ऊंचा मुकाम हासिल कर पाएंगे। हरियाणा प्रदेश की उन्नति व विकास में ताऊ देवी लाल का अहम रोल रहा है। उन्होंने कहा था कि असली भारत गांवों में बसता है और आज भी 70 प्रतिशत के करीब आबादी ग्रामीण आंचल में रह रही हैं। हम सब ग्रामीण आंचल के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से बरसात ज्यादा हुई है। अगर इस बरसात से फसलों में कोई नुकसान है तो उसकी स्पेशल गिरदावरी करवाकर नुकसान की भरपाई करने का काम किया जाएगा। मंच का संचालन रणदीप कौल ने किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS