डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला बोले - अगर 'ऐसा' हुआ तो अपने सभी विधायकों सहित दे दूंगा इस्तीफा

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला बोले - अगर ऐसा हुआ तो अपने सभी विधायकों सहित दे दूंगा इस्तीफा
X
जननायक जनता पार्टी ने स्व. चौ. देवीलाल के 108वें जन्म दिवस पर नूंह जिले में उनकी 42 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान दुुष्यंत चौटाला ने कहा कि पिछले दस महीनों से कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग प्रदेश के किसानों को बहका रहे हैं।

नूंह। जननायक जनता पार्टी ने पूर्व उपप्रधानमंत्री जननायक स्व. चौ. देवीलाल के 108वें जन्म दिवस पर दिल्ली से सटे जिले नूंह में उनकी 42 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हवन-यज्ञ में आहुति डाली और चौ. देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी।

इस दौरान जनसभा में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पिछले दस महीनों से कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग प्रदेश के किसानों को बहकाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोग प्रदेश में मंडियां खत्म होने, जमीन पर कब्जे करने और एमएसपी खत्म करने की बात कह कर किसानों को बरगला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं गारंटी देता हूं कि न किसी की जमीन पर कब्जा होगा और न ही मंडियां बंद होंगी और ना एमएसपी खत्म होंगी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो वे खुद और जेजेपी के सभी विधायक एक पल के लिए भी अपने पदों पर नहीं रहेंगे और इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हित उनकी पार्टी के लिए सर्वोपरि हैं। दुष्यंत ने कहा कि बरसात से हुए नुकसान के लिए जीरी, कपास, सूरजमुखी और अन्य फसलों के नुकसान की विशेष गिरदावरी करवा कर उनकी भरपाई की जाएगी।

जनसभा में अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल ने हरियाणा के लोगों का जीवन स्तर ऊंचा करने, उनके हक दिलवाने और उनके लिए उन्नति के रास्ते खोलने में पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने ना कभी ऊंच-नीच का भेदभाव किया और न ही जात-पात की बात की। उनकी नजर में हरियाणा का हर व्यक्ति सम्मान व अधिकार पाने का समान रूप से हकदार है। इसी सोच के साथ उन्होंने राजनीतिक संघर्ष किया और सत्ता में आने पर जनकल्याणकारी नीतियों को आगे बढ़ाया। अजय सिंह ने कहा कि आज भी चौधरी देवीलाल देश के करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं।


Tags

Next Story