वाह रे गठबंधन! दिग्विजय चौटाला का आरोप- भाजपा जिला अध्यक्ष कमीशनखोर,आदित्य का पलटवार- जनता जानती है कौन हैं लुटेरे

हरिभूमि न्यूज. डबवाली। जेजेपी की ओर से आगामी 8 दिसंबर को डबवाली में होने वाली लोकसभा क्षेत्र की रैली को लेकर गांवों में लोगों को निमंत्रण देने पहुंचे जेजेपी नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने मंगलवार को हलका विधायक अमित सिहाग व भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य देवीलाल पर कड़े कटाक्ष किए। उन्होंने आरोप लगाया कि डबवाली हल्के की दोनों ने अनदेखी की है। गांव मटदादू में एक सभा के दौरान दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि कहां कि दो बार डॉक्टर के वी सिंह को हराने के बाद लोगों ने भावनाओं में बहकर अमित सिहाग को एमएलए चुन लिया। लेकिन एमएलए बनने के बाद अमित सिहाग गायब हो गए। डबवाली से ज्यादा वह अपने ससुराल अबोहर में रहते हैं और लोग कहने लगे हैं कि अमित सिहाग ससुराल का एमएलए है।
रिश्ते में अपने चाचा व भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य देवीलाल को कमीशनखोर बताते हुए दिग्विजय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि यह आदमी सत्ता पक्ष का होने का लाभ उठाकर दोनों हाथों से लूटने में लगा हुआ है। दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि डबवाली हल्का उनका अपना हल्का है और यहां से फिर से जेजेपी का परचम लहराएगा। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल की पहली प्रतिमा पंजाब में स्थापित की गई थी और अब सरदार प्रकाश सिंह बादल की पहली प्रतिमा भी डबवाली में चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के साथ स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को जेजेपी का स्थापना दिवस है ऐसे में डबवाली में होने वाली रैली को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। इस मौके पर सर्वजीत सिंह मसीतां, रणदीप सिंह मट्टदादू, नरेंद्र सिंह बराड़ व पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद थे।
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन आदित्य चौटाला ने भी दिग्विजय सहित उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला पर जोरदार पलटवार करते हुए कहा कि तीन बाप-बेटे लुटेरे हैं। हरियाणा की जनता सब जानती है कि इन्होंने प्रदेश को कैसे लूटा है। दिग्विजय द्वारा लगाए गए आरोपों के सवाल पर आदित्य चौटाला ने कहा कि जो व्यक्ति दारू (शराब) पीता है उसको सारा गांव पियक्कड़ दिखता है, इसी प्रकार दिग्विजय, दुष्यंत व अजय चौटाला (तीनों) को सब अपनी तरह ही दिखते हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS