ISI से कनेक्शन : अंबाला के मरदो साहिब गुरुद्वारे से पकड़ा आतंकवादी, रात को कुरुक्षेत्र में ठहरता था

हरिभूमि न्यूज : अंबाला
अंबाला शहर के मरदो साहिब से पकड़ा गया आतंकी रुबल सिंह कुरुक्षेत्र के मंजी साहिब गुरुद्वारे में ठहरा हुआ था। कारसेवकों के साथ ही वह मरदो साहिब आया था। मंजी साहिब गुरुद्वारे से कार सेवकों के साथ ही वह मरदो साहिब आया था। यहां कोई ठहरने की जगह नहीं है इसलिए शाम को कारसेवा के बाद रुबल सिंह भी दूसरे साथियों के साथ वापिस लौट जाता था। विदेश में बैठे आतंकी संगठन से जुड़े रुबल सिंह पर पिछले दिनों पंजाब में हुई हत्या के एक मामले में भी वांछित है।
हैरत की बात है कि पंजाब पुलिस आतंकी रुबल सिंह को आईओसी डिपो के पास से गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। जबकि सदर पुलिस की मानें तो अब तक दर्ज किए गए बयान में यह बात सामने आई कि है कि रुबल सिंह कुरुक्षेत्र के मंजी साहिब गुरुद्वारे से ही कारसेवा के लिए मरदो साहिब गुरुद्वारे में आता था। गुरुद्वारे में सेवा करने वाले कई लोगों ने अपने बयान में यह बात कही है कि रुबल कई दिन से यहां आ रहा था। सेवा के बाद वह शाम को वापिस कुरुक्षेत्र लौट जाता था। क्योंकि मरदो साहिब में रात को ठहरने की कोई सुविधा नहीं है। कारसेवकों के बीच ही रुबल सिंह पुलिस से बचकर रह रहा था।
रेड की अंबाला पुलिस को नहीं दी सूचना
बीते रोज ही पंजाब पुलिस ने अचानक रेड कर अंबाला से आतंकी रुबल सिंह को गिरफ्तार करने का दावा किया था। रुबल के तीन साथियों को पहले ही पंजाब पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आईएसआई से भी रुबल सिंह के तार जुड़े होने की बात कही जा रही है। पंजाब पुलिस की मानें तो रुबल सिंह के तार सीधे तौर पर आतंकी संगठन इंटरनेशनल सिख यूथ संगठन से भी जुड़े हैं। अंबाला पुलिस के मुताबिक पंजाब पुलिस ने आतंकी रुबल सिंह को पकड़ने के लिए उन्हें किसी तरह की सूचना नहीं दी। न ही स्थानीय पुलिस को रेड में शामिल किया गया।
रुबल को पकड़कर ले जाने के बाद ही पंजाब पुलिस ने इसकी सूचना अंबाला पुलिस को दी। इसके बाद ही अंबाला पुलिस हरकत में आई। वीरवार को मरदो साहिब में भी आतंकी रुबल सिंह के पकड़े जाने के बाद सनसनी फैल गई। सदर पुलिस ने गुरुद्वारे में काम करने वाले लोगों के सिलसिलेवार बयान दर्ज किए गए। फिलहाल अंबाला पुलिस ने बताया कि आतंकी रुबल सिंह से जुड़ी उनके पास कोई सूचना नहीं है। न तो वह यहां ठहरा हुआ था न ही उसने किसी तरह की वारदात को अंजाम दिया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS