बजट पर चर्चा : कैप्टन अभिमन्यु बोले- भाजपा सरकार का बजट सर्व हितकारी और जन हितैषी

हरिभूमि न्यूज. जींद। भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता पर किसी भी तरह का कोई नया कर नहीं लगाया है। इससे साबित होता है कि प्रदेश की जनता के सुख व समृद्धि के प्रति मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा सरकार कितनी गंभीर है। सीएम मनोहर लाल ने प्रदेश के बजट में कोई नया कर नहीं लगाकर प्रदेश की जनता को बजट में बड़ी राहत प्रदान की है। यह वक्तव्य भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने जींद भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहे। कैप्टन अभिमन्यु जींद में बजट पर चर्चा के लिए मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे थे।
कै. अभिमन्यु ने कहा कि सरकार का बजट सर्वहितकारी, सर्व समावेशी बजट है। कै. अभिमन्यु ने कहा कि बजट से सरकार के विजन का पता चलता है। मुख्यमंत्री ने बजट से पूर्व सभी वर्गों और लोगों से सुझाव आमंत्रित किये थे, क्योंकि प्रदेश के खजाने की असली मालिक प्रदेश की पौने तीन करोड़ जनता है और जनता के सर्वहित को ध्यान में रखते हुए ही ऐसा बजट पेश किया गया है, जिसकी पहुंच हर वर्ग और हर परिवार तक है। बजट में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी वर्गों के कल्याण के उद्देश्य की पूर्ति के लिए कार्य किया है और बजट सभी वर्गों के लिए सौगात लेकर आया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा की पात्रता की आय सीमा तीन लाख रुपये तक बढ़ाकर और सामाजिक पेंशन में वृद्धि करके 2,750 रुपए की गई जोकि सराहनीय है। इसके लिए बजट में 13,000 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही बुजुर्गों को और सहूलियत देते हुए वरिष्ठ नागरिक की यात्रा में छूट देकर आयु सीमा को 65 से घटाकर 60 वर्ष किया है।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बजट में मास्टर चंदगीराम पहलवान के नाम से योजना की शुरुआत की गई है, जिसमें किसी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले हर खिलाड़ी को बीमा कवर प्रदान किया जाएगा। इसका लाभ खिलाड़ियों को मिलेगा और उनके खेल छोड़ने के बाद खिलाड़ियों जो दिक्कतें आती हैं, इस योजना से उन खिलाड़ियों को भी लाभ मिलेगा। कलाकारों के लिए दादा लख्मीचंद के नाम से योजना लागू की गई है, जिसमें हर प्रकार के कलाकारों, गायकों वादकों को भी बीमा कवर दिया जाएगा। वहीं, मीडिया कर्मियों के लिए कैशलैस मेडिकल सुविधा का भी ऐलान किया गया है। कै. अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश के बजट का 35 प्रतिशत विकास कार्यों पर खर्च होगा, क्योंकि विकास और निर्माण की प्रक्रिया ही देश में प्रदेश की तरक्की का धोतक होता है। इसी को मद्देनजर रखते हुए हरियाणा सरकार ने विनिर्माण के बजट के लिए 58,000 करोड़ रुपये की राशि तय की है जोकि हरियाणा के सरकार के कुल बजट का 35 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था कृषि आधारित अर्थव्यवस्था है। प्रदेश के किसानों के हित के लिए बजट में विशेष प्रावधान रखा गया है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 20 हजार एकड़ में जैविक खेती का लक्ष्य और लगभग एक लाख एकड़ में मूंगदाल की खेती का लक्ष्य रखा गया है। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि गोसेवा हमारे देश की सनातन संस्कृति रही है और गौमाता केवल एक दुधारू पशु ही नहीं बल्कि किसान के लिए आर्थिक रूप से भी अहम रही है। प्रदेश में गोवंश के संरक्षण और गौ संवर्धन के लिए 400 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट प्रावधान किया गया है, जिससे गोवंश के समर्थन को बढ़ावा मिलेगा।
2047 में भारत को विश्व गुरु बनाएंगे
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार ने और हरियाणा में मनोहर सरकार ने पिछली सरकारों विशेषकर कांग्रेस की गलत नीतियों को ठीक कर जनहितैषी कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों की गलतियों को काफी हद तक सुधार दिया गया है और इसी का नतीजा है कि प्रदेश सरकार ने 58,000 करोड़ रुपये विकास के लिए जारी किए हैं। चिरायु योजना को लागू किया। पेंशन बढ़ाई और इसके अलावा बहुत से विकास कार्य के कार्यों के लिए भी बजट जारी किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सपना है कि सन 2047 तक दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने और विश्व गुरु बन कर पूरी दुनिया का नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें सिर्फ हवाई बातें किया करती थी, व्यापारी वर्ग के लिए पुरानी सरकारों ने कुछ नहीं किया है। व्यापारी वर्ग के लिए सरकार ने इस बजट में डेढ़ करोड़ रुपये तक के नुकसान की भरपाई बीमा का प्रावधान किया है, जिसके तहत व्यापारी वर्ग का किसी प्राकृतिक कारण से व्यापार में नुकसान होने पर उनको बीमा के माध्यम से मुआवजा प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही छोटे कामगार जैसे रेहड़ी व ठेला चालक व अन्य छोटे व्यवसायियों के लिए भी बीमे का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में भाई-भतीजावाद और पैसों के दम पर नौकरियों की बंदरबांट की जाती थी जबकि भाजपा के सरकार में नौकरियां केवल योग्यता और मेरिट के आधार पर योग्य लोगों को ही मिल रही है। गरीब से गरीब परिवार में एचसीएस स्तर तक के अधिकारी लगे हैं। सरकार की पारदर्शी नीतियों के कारण सिर्फ योग्य युवा ही नौकरी पा रहे और पर्ची-खर्ची सिस्टम का खात्मा कर दिया है।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि पूरे देश में आज भी मोदी सभी वर्गों के चहेते प्रधानमंत्री हैं और देश की जनता उनके कार्यों और नीतियों पर लगातार अपने समर्थन की मोहर लगा रही है। इसी का नतीजा है कि पिछले दिनों पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में भाजपा ने सत्ता में वापसी की है और इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को देश और समाज सेवा में लगे रहने के लिए प्रेरित करते हुए त्रिवेणी का उदाहरण दिया है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार राजू मोर ने कैप्टन अभिमन्यु का स्वागत कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बजट ऐतिहासिक है और कार्यकर्ता घर-घर जाकर बजट पर चर्चा करें और जनता को जन हितैषी बजट की बारीकियों के बारे में बताएं। इस अवसर पर भाजपा जींद विधायक डाॅ. कृष्ण मिढ़ा ने भी बजट पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बजट के मुख्य बिंदुओं के बारे में बताया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS