निकाय चुनाव के माध्यम से दिल्ली में वापसी करेगी कांग्रेस : डॉ. नरेश

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ नरेश ने किसान आंदोलन में मदद के लिए बहादुरगढ़ के नागरिकों और आसपास के ग्रामीणों का आभार जताया। एक साल तक किसान की नहीं सुनने वाली सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनके अनुसार देश के लाखों किसान एक साल तक दिल्ली की दहलीज पर आवाज लगाते रहे। गर्मी में झुलसते, ठंड में कंपकंपाते और बारिश में भीगते किसानों की किसी ने सुध नहीं ली।
रविवार को आर्य नगर में पूर्व पार्षद वजीर राठी के निवास पर पत्रकारों से बात करते हुए दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश ने कहा कि कांग्रेस राज में हरियाणा समेत दिल्ली देहात के लोग कभी निराश नही हुए। जबकि भाजपा शासनकाल में कोई खुश नही है। औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद बहादुरगढ़ में अपराध बढ़ा है। एनसीआरबी के आंकड़ें प्रदेश की चौपट कानून व्यवस्था का जीता जागता उदाहरण हैं। यहां उद्योग ठप हैं, बेरोजगारी बेलगाम हो चुकी है और महंगाई चरम पर है। जनता को गुमराह करने वाली नहीं बल्कि हरियाणा में संपूर्ण विकास करने वाली सरकार चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस शासन के दौरान 1998 से 2013 तक दिल्ली में अद्वितीय विकास कार्य हुए। वर्तमान सरकार पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि केजरीवाल के झूठ ज्यादा नही चलेंगे। निकाय चुनावों के माध्यम से कांग्रेस दिल्ली की सत्ता में वापसी करेगी। पंजाब में घोषणाएं करने वाले अरविंद पहले दिल्ली में बुनियादी सुविधाएं देने पर ध्यान दें। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राजपाल आर्य, निवर्तमान पार्षद गुरदेव राठी, गजानंद गर्ग, राज सिंह दलाल आदि मौजूद रहे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS