पेयजल संकट : दिल्ली के अधिकारी उदासीन, सोनीपत में दर्जनभर कॉलोनियों की प्यास बरकरार

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
पीने का पानी एक ऐसी सुविधा है, जिसके लिये लाइनपार का क्षेत्र काफी समय से परेशान है। इस क्षेत्र में कई कॉलोनियों में पानी की सुविधा पूरी नहीं हो पाती। पश्चिम यमुना लिंक नहर से महलाना के पास से पानी लाकर इस क्षेत्र की प्यास बुझाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि इस पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने की कोशिश की जा रही है। जिसके तहत ककरोई रोड हैड पर डब्ल्यूटीपी बनाकर पानी की सप्लाई होनी थी। लेकिन महकमे के उदासीन रवैये से लाइनपार की करीब एक दर्जन कालोनियों में इस बार पेयजल की आपूर्ति के प्रयासों को झटका लगा है। करीब दो साल पहले बनकर तैयार हुए ककरोई रोड वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को पश्चिमी यमुना लिंक नहर से पानी दिए जाने को लेकर नगर निगम व सिंचाई विभाग के बीच सहमति नहीं बन पाई है। इस पानी पर यमुना वाटर सर्विस दिल्ली सर्कल का अधिकार है, लेकिन विभाग के अधिकारी पानी देने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे।
बता दें कि लाइन पार की सूरी पेट्रोल पंप वाली गली से कालूपुर चुंगी के बीच की लगभग 1 दर्जन कॉलोनियों को पेयजल सप्लाई देने के लिये ककरोई रोड स्थित हैड पर रोड वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया था। इस प्लांट पर 25 करोड़ रुपये की लागत आई थी। यहां से 15 एमएलडी पानी की सप्लाई होनी थी। इस पानी सप्लाई के लिए सिंचाई विभाग व नगर निगम के अधिकारियों के बीच कई बार बैठकें हो चुकी हैं। करीब 3 माह पहले यह दावा किया गया था यमुना वाटर सर्विस दिल्ली सर्कल के अधिकारियों के साथ ककरोई हैड से पेयजल सप्लाई पर बात बन चुकी है और शीघ्र ही इसकी तैयारियां शुरू हो जाएंगी, लेकिन 3 माह बीत जाने के बाद भी दिल्ली के नहरी अधिकारियों की ओर से कोई जवाब नहीं आया।
पहले पानी पर सवाल उठाया, अब उदासीन
इस मामले में दिल्ली सर्कल के अधिकारियों ने पहले तो सोनीपत द्वारा भेजे गए प्रपोजल पर सवाल उठाए थे। उस प्रपोजल में पानी की मात्रा का जिक्र नहीं था। पत्राचार कर प्रपोजल बदला गया। इसके बाद से अधिकारी उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। सर्कल के एचओडी बीरेंद्र सिंह ने कुछ सवाल उठाए थे, जिसके बाद यमुना वाटर सर्विस दिल्ली सर्कल के अधीक्षण अभियंता के पास यह मामला लंबित पड़ा है। इस संबंध में नगर निगम सोनीपत के एसई ने फिर से दिल्ली सर्कल के अधिकारियों से आगामी कार्रवाई के लिए कहा था, लेकन नतीजा कुछ नहीं निकला।
इन कॉलोनियों को होगा फायदा
ककरोई में बने डब्ल्यूटीपी से सूरी पेट्रोल पंप वाली गली से कालूपुर के बीच की कॉलोनियों को पेयजल सप्लाई होना था। इन कॉलोनियों में दहिया कालोनी, मायापुरी, कीर्ति नगर, सरस्वती विहार, देवीलाल कालोनी, गढ़ी ब्राह्माणान, विशाल नगर, भगत सिंह कालोनी, कालूपुर, बाबा कालोनी, मोहन नगर, लहराड़ा शामिल हैं। इन इलाकों में काफी समय से पानी की किल्लत बनी हुई है। जैसे-जैसे समय गुजरता जा रहा है, वैसे-वैसे पानी की समस्या बढ़ती जा रही है।
राजीव जैन ने कहा सीएम से मिलकर करवाएंगें हल
भाजपा नेता सीएम के पूर्व सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि दो साल के बाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनकर तैयार हुआ है। इस वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का उद्देश्य बाहरी कालोनियों की प्यास बुझाना है और इस उद्देश्य के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली के अधिकारियों के उदासीन रवैये के बाद अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलकर पूरा मामला उनके सामने रखा जाएगा और पश्चिमी यमुना लिंक नहर के ककरोई हैड से कच्चे पानी की सप्लाई सुनिश्चित करवाई जाएगी।
सिंचाई विभाग की ओर से कुछ दिक्कत थी, जिन्हें दूर किया जा रहा है। निगम अधिकारियों के साथ जल्द ही बैठक की जाएगी। कोशिश रहेगी कि सभी आपत्तियों को दूर किया जा सके। जिस प्वाइंट से पानी देने की बात कही जा रही है, वहां पर कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। दिल्ली के अधिकारियों के साथ बातचीत जारी है। - अश्विनी फौगाट, एक्सईएन, सिंचाई विभाग।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS