NH 152-D पर हादसा : नशे में धुत ट्रक चालक ने डिवाइडर पर सो रहे मजदूरों को कुचला, दो की मौत, दो घायल

हरिभूमि न्यूज : कैथल
शुक्रवार सुबह चार बजे गांव करोड़ा के पास एनएच 152 डी पर सडक हादसे में दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। जबकि दो मजदूर घायल हो गए। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय बठिंडा पंजाब निवासी अजीत उर्फ मस्तान और 22 वर्षीय सहारनपुर निवासी सोनाउल के रूप में हुई है। इस हादसे में सीवन निवासी कर्ण सिंह और सहारनपुर निवासी ऋषि घायल हुए हैं। ठेकेदार प्रदीप ने बताया कि चारों मजदूर वीरवार को रात तक काम करने के बाद हाईवे पर सो रहे थे।
हांलाकि उन्होंने सुरक्षा को लेकर जनरेटर और छोटा हाथी खड़ा किया हुआ था। सुबह करीब चार बजे एक ट्रक चालक ने गाड़ी को लापरवाही से चलाते हुए चारों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना कंपनी के दूसरे मजदूरों को मिली तो मौके पर पहुंचे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी। पूंडरी थाना पुलिस ने मौके पर आकर जांच की। निर्माण एजेंसी के वाहन में दोनों मृतकोंं को लेकर जिला सिविल अस्पताल में पहुंचे। बताया जा रहा है कि सोनाउल की एक साल पहले शादी हुई थी।
काम होने वाला था पूरा
एनएच 152 डी पर पिछले ढाई साल से काम चला हुआ था। काम लगभग पूरा होने वाला था। मजदूर अपने परिवार का पालन पोषण करने के लिए यूपी सहारनपुर व बठिंडा से आए हुए थे। दिन रात एनएच पर निर्माण कार्य कर रहे थे। जल्द ही काम निपटा कर घर जाना था। मृतक सोनाउल का दोस्त नंदीम नागरिक अस्पताल में बार- बार बेहोश हो रहा था। बेहोशी की अवस्था में नंदीम को पानी पिलाया गया। उसके बाद होश आया। पूंडरी थाना इंचार्ज धर्मपाल ने बताया कि हादसे में घायलों को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS