मांग आने पर ही लड़कियों के लिए अलग से कॉलेज खोला जाएगा : शिक्षा मंत्री

मांग आने पर ही लड़कियों के लिए अलग से कॉलेज खोला जाएगा : शिक्षा मंत्री
X
कंवर पाल हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। वहीं उन्होंने बताया वर्तमान में राज्य में 14,473 विद्यालयों में से 12,664 विद्यालय सह-शिक्षा वाले हैं और केवल 1809 कन्या विद्यालय हैं।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल (Kanwar Pal) ने कहा कि भविष्य में मांग आने पर ही अलग से लड़कियों के लिए कॉलेज खोला जाएगा। कंवर पाल हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

उन्होंने सदन को अवगत करवाया कि राजकीय प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में से अधिकतर विद्यालय सह-शिक्षा विद्यालय हैं। वर्तमान में राज्य में 14,473 विद्यालयों में से 12,664 विद्यालय सह-शिक्षा वाले हैं और केवल 1809 कन्या विद्यालय हैं।

वर्तमान में 24,867 विद्यालय

वहीं शिक्षा मंत्री ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 24,867 विद्यालय हैं, जिनमें से 14,473 सरकारी और 10,394 निजी विद्यालय हैं। इनमें 137 संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भी शामिल हैं।उन्होंने सदन को अवगत करवाया कि इस समय प्रदेश के स्कूलों में कुल 53,68,539 विद्यार्थी हैं। इनमें से सरकारी स्कूलों में 25,30,868 जबकि निजी स्कूलों में 28,37,671 विद्यार्थी हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के स्कूलों में प्रधानार्य से लेकर क्लास-4 तक के 1,37,895 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 96,535 पद भरे हुए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरा जाएगा।

राज्य में 173 राजकीय महाविद्यालय

वहीं एक और प्रश्न का उत्तर में शिक्षा मंत्री बताया की राजकीय महिला महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ में विज्ञान खंड एवं 8 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण हेतु मामला विभाग में विचाराधीन है। मांग को वास्तु कला विभाग को भेजकर नक्शे तैयार करने हेतु लिखा जा चुका है। नक्शे प्राप्त होते ही निर्माण हेतु आगामी आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।उन्होंने सदन को अवगत करवाया कि राजकीय महिला महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ राज्य सरकार द्वारा वर्ष 1997 में स्थापित किया गया था। महाविद्यालय का भवन लगभग ढाई एकड़ भूमि पर निर्मित था और विस्तार हेतु महाविद्यालय के परिसर में पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं थी। इसलिए नए भवन का निर्माण करवाया गया था। वर्तमान में महाविद्यालय में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय चल रहे हैं। कंवर पाल ने बताया कि वर्तमान में राज्य में 173 राजकीय महाविद्यालय हैं और महेंद्रगढ़ जिले में 15 राजकीय महाविद्यालय हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार द्वारा 68 राजकीय महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं, जिसमें से 30 राजकीय महाविद्यालय केवल लड़कियों के लिए हैं। नए खोले गए राजकीय महाविद्यालयों में से 20 के भवन पूर्ण हो चुके हैं। इसके अलावा, 26 राजकीय महाविद्यालयों के भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है।

Tags

Next Story