शिक्षा मंत्री कंवरपाल बोले- मुख्यमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं संग जगाधरी में खेलेंगे फूलों की होली

हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर : भारतीय जनता पार्टी द्वारा होली पर्व के अवसर पर 8 मार्च को जगाधरी के सरस्वती विद्या मंदिर में होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल पार्टी के कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ फूलों की होली खेलेंगे। हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने सोमवार को होली मिलन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने आमजन और भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने के लिए आमंत्रित किया।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 8 मार्च को पूरे भारत में होली का पावन पवित्र त्यौहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। इसी कड़ी के अंतर्गत 8 मार्च को सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री मनोहर लाल जगाधरी पहुंचेंगे व सरस्वती विद्या मंदिर जगाधरी में भाजपा कार्यकर्ताओं व आमजन के साथ फूलों की होली खेलेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल यमुनानगर में जोड़ियां गुरुद्वारा साहिब में होला मोहल्ला समागम में भी शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल का इस क्षेत्र से विशेष लगाव रहा है। इसीलिए वे थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद जगाधरी यमुनानगर आते रहते हैं व उनका आशीर्वाद जिले की समस्त जनता को मिलता रहता है।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के जगाधरी पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर काफी उत्साह है। यह हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि होली जैसे पावन पवित्र पर्व पर हरियाणा के यशस्वी मुख्यमंत्री जगाधरी पहुंच रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS