हरियाणा में चुनावी सरगर्मियों ने पकड़ा जोर, भाजपा अंत्योदय सम्मेलन के बहाने करेगी शक्ति प्रदर्शन

हरियाणा में चुनावी सरगर्मियों ने पकड़ा जोर, भाजपा अंत्योदय सम्मेलन के बहाने करेगी शक्ति प्रदर्शन
X
खुद मुख्यमंत्री मनोहरलाल और प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी टीम लेकर तैयारी में जुट गए हैं। दूसरी ओर, विपक्ष कांग्रेस के सियासी दिग्गज भी पूरे प्रदेश के अंदर हर विधानसभा क्षेत्र में एक नवंबर से अपने कार्यक्रम की रणनीति तैयार कर उसे अमली जामा पहनाने की तैयारी कर चुके हैं।

योगेंद्र शर्मा.चंडीगढ़। हरियाणा में लोकसभा मिशन-2024 लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। हरियाणा में सत्ताधारी दल भाजपा (BJP) की ओर से सरकार के नौ साल पूरे हो जाने पर करनाल में अंत्योदय सम्मेलन रख दिया है। इस सम्मेलन में देश के गृहमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह (Amit Shah) आ रहे हैं।

खुद मुख्यमंत्री मनोहरलाल और प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी टीम लेकर तैयारी में जुट गए हैं। दूसरी ओर, विपक्ष कांग्रेस के सियासी दिग्गज भी पूरे प्रदेश के अंदर हर विधानसभा क्षेत्र में एक नवंबर से अपने कार्यक्रम की रणनीति तैयार कर उसे अमली जामा पहनाने की तैयारी कर चुके हैं। मुख्यमंत्री सरकार के नौ साल पूरे होने और हरियाणा दिवस पर करनाल में 2 नवंबर को अंत्योदय सम्मेलन का ऐलान कर चुके हैं। सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि पधार रहे हैं।

विपक्ष को घेरने की तैयारी

मुख्यमंत्री मनोहरलाल औऱ भाजपा के बाकी नेता दावा कर रहे हैं कि उन्होंने 9 साल में 27 साल के बराबर काम किया है। उनका यह भी कहना है कि प्रदेश के लोगों ने सरकार में विश्वास जाहिर किया है। हमने अंत्योदय की भावना के साथ प्रदेश को नई दिशा देने का काम किया है, सत्ताधारी पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज का कहना है कि सरकार हर क्षेत्र में कल्याणकारी सरकार है।इस सरकार ने हर क्षेत्र में पूर्व की सरकारों के मुकाबले बेहतर कामकाज किया है। उन्होंने कहा कि पहले घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और क्षेत्रवाद का बोलबाला था। लोग दुखी होकर इन सभी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा चुके हैं।

सरकार के काम पर जनता की मुहर : गृहमंत्री

गृहमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की साफ सुथरी छवि और सरकार द्वारा पारदर्शी व्यवस्था बनाकर गरीब वर्गों के कल्याण का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मनोहर सरकार के कामकाज पर लगातार मुहर लगाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद को जगह नहीं है, बल्कि राष्ट्रवादी लोग देश को आगे बढ़ाने के लिए रात दिन काम कर रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत की छवि को बेहद मजबूत कर दिया है।

कांग्रेस ने कार्यक्रमों का शेड्यूल जारी किया

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान और कांग्रेस के पूर्व सीएम नेता विपक्ष भूपेंद्र हुड्डा प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला तमाम नेता आने वाले वक्त को देखते हुए सक्रिय हैं। इनका दावा है कि आने वाला समय कांग्रेस का है और भाजपा की सरकार केंद्र व राज्य की हर मोर्चे पर विफल हुई है। जजपा के साथ भी भाजपा की पटरी नहीं बैठ रही है। राजस्थान में जजपा ने अपने उम्मीदवार मैदान में बिना भाजपा के ही उतार दिए हैं। नेता विपक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूरे हरियाणा में सभी विधानसभा क्षेत्र के अंदर खास मुहिम छेड़ने का फैसला लिया है प्रदेश के अंदर कांग्रेस लाओ और देश बचाओ अभियान चलाने का फैसला लिया है। इन नेताओं का दावा है कि सभी विधानसभा क्षेत्र में जनाक्रोश रैलियां और जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा। इनका कहना है कि भाजपा को प्रदेश के लोगों ने अब नकारा दिया है, जनता में इनकी नीतियों क कारण भारी नाराजगी व्याप्त है।

ये भी पढ़ें- Urea -DAP Crisis : कृषि मंत्री जेपी दलाल बोले- प्रदेश में सरसों व गेहूं की बिजाई के लिए खाद की कोई कमी नहीं

Tags

Next Story