किसानों की बढ़ी टेंशन : भीषण गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ी, आपूर्ति बाधित होने से धान की रोपाई भी अधर में

हरिभूमि न्यूज. अंबाला
धान की रोपाई शुरू हो गई है। मगर पर्याप्त बिजली न आने से किसान बेहद परेशान हैं। उपर से अभी तक बरसात के भी आसार नहीं हैं। ऐसे में किसानों की परेशानी और बए गई है। 15 जून से खेतों में धान की रोपाई शुरू हो जाएगी लेकिन बारिश न होने किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। धान रोपाई के दौरान पर्याप्त मात्रा में बिजली की सप्लाई सुचारू रूप से चलाने के लिए किसान बिजली निगम के अधिकारियों से भी मुलाकात कर रहे हैं। मगर अधिकारी आश्वासन के सिवाय उन्हें कोई पुख्ता भरोसा नहीं दे रहे हैं।
दरअसल हर साल जून महीने में धान की रोपाई काम शुरू हो जाता है। अगले एक सप्ताह में यह कात पूरे चरम पर होगा। लेकिन अभी बारिश होने के कोई आसार दिखाई नहीं दे रहे। मौसम विभाग के अनुसार, 17 जून तक गर्मी का प्रकोप यूं ही जारी रहेगा। हालांकि रविवार को हल्की बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरजीत सिंह का कहना है कि अभी किसान 15 जून का इंतजार कर रहे हैं। खेत सूखे पड़े हैं। धान रोपाई का कार्य देखते हुए सरकार रोजाना 8 घंटे बिजली की सप्लाई दे, ताकि किसान अपनी फसल तैयार कर सके।
प्रदेश सरकार धान की सीधी बिजाई पर जोर दे रही है। धान की सीधी बिजाई करने वाले किसानों को 4 हजार रुपए प्रति एकड़ अनुदान राशि दी जाएगी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. गिरीश नागपाल ने बताया कि किसान इस योजना का लाभ लेने के लिए मेरी फसल मेरी ब्यौरा पोर्टल पर 30 जून तक पंजीकरण करा सकते हैं। धान की सीधी बिजाई करने से धान की फसल परंपरागत विधि से 10 दिन पहले तैयार हो जाती है तथा अगली रबी की फसल की पैदावार में भी बढ़ोतरी होती है।
बिजली की खपत 75 लाख यूनिट पार
पिछले एक सप्ताह से गर्मी बढ़ने से अधिकतम तापमान 44 डिग्री से नीचे नहीं आ रहा है। गर्मी बढ़ने से साथ ही अब बिजली खपत की रोजाना खपत 75 लाख पार कर गई है। गर्मी के साथ-साथ बिजली शिकायतें भी लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार को भी 1000 से ज्यादा शिकायतें निगम के पास पहुंची थी। अब 15 जून से धान का सीजन शुरू होने पर बिजली खपत और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि रविवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद थोड़ी राहत मिली है। मगर इस राहत से किसानों का राहत मिलती नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार व बुधवार को मौसम साफ रहने की बात कही जा रही है।
तेज हवाएं भी बिगाड़ रही हैं मिजाज
पिछले दो दिन चल रही तेज हवाएं बेशक गर्मी की तपिश को ठंडा कर रही हैं। मगर इसकी वजह से परेशानी भी बढ़ रही है। शनिवार व रविवार को तेज हवाओं से काफी राहत मिली है। मगर किसानों को इन हवाओं से कोई फायदा नहीं है। मौसम के जानकार आने वाले दिनों में इन हवाओं से बड़ी राहत मिलने की बात कह रहे हैं। इनके साथ न केवल मौसम का मिजाज बदलेगा बल्कि बरसात के आने के आसान भी प्रबल होंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS