सर्वे : फायर एनओसी लेने में परहेज कर रहे हैं उद्यमी

हरिभूमि न्यूज : बहादुरगढ़
औद्योगिक नगरी बहादुरगढ़ की काफी औद्योगिक इकाइयों (Industrial units) के पास फायर एनओसी नहीं है। दमकल विभाग (Fire Department) की ओर से किए जा रहे सर्वे में ऐसा सामने आ रहा है। अभी तक हुई 330 कंपनियों की जांच में आधे से अधिक कंपनियों के पास एनओसी (NOC) नहीं मिली है। सर्वे काफी लंबा चलेगा, ऐसे में यह आंकड़ा कहीं ज्यादा बढ़ सकता है। अधिकारियों की मानें तो सर्वे कार्य पूरा होने के बाद रिपोर्ट ऊपरी अधिकारियों को भेजी जाएगी। जिसके बाद ही नोटिस जारी या फिर कोई सख्त कार्रवाई शुरू हो सकती है।
दरअसल, बहादुरगढ़ में आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र, पुराना औद्योगिक क्षेत्र और एचएसआईआईडीसी में औद्योगिक इकाइयां हैं। इकाइयों की संख्या हजाराें में है। इकाइयां शुरू करते वक्त सुरक्षा की दृष्टि से फायर विभाग से एनओसी लेनी पड़ती है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात करने पड़ते हैं। लेकिन बहादुरगढ़ में इस मामले में काफी अनदेखी बरती जाती है।
उद्योगपति तो लापरवाही बरतते हैं ही, विभागों द्वारा भी अनदेखी की जाती है। यही वजह है कि यहां की काफी इकाइयों में पुख्ता बंदोबस्त नहीं है। बंदोबस्त तो छोडि़ए, भवन भी इस तरह से बनाए गए हैं कि यदि कोई दुर्घटना हो जाती है तो दमकल विभाग को हालात पर काबू पाने में काफी परेशानी होती है। अक्सर यहां आग लगने की दुर्घटनाएं होती ही रहती हैं। पिछले कुछ समय पहले तो बेहद भीषण हादसा हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी।
अब मामले में गंभीरता बरतते हुए दमकल विभाग की ओर से सर्वे किया जा रहा है। करीब दो महीने से यह सर्वे चालू है। विभाग के कर्मचारी इकाइयों मंे जाकर बचाव के इंतजामात आदि की जांच कर रहे हैं। साथ ही इकाई मालिकों को एनओसी लेने के प्रति भी जागरूक कर रहे हैं। सर्वे के तहत बीते दो महीने मंे अभी तक 330 फैक्ट्रियों को कवर किया जा चुका है। इनमें से लगभग 60 प्रतिशत के पास एनओसी नहीं मिली है।
चूंकि फैक्ट्रियों की संख्या हजारों में है तो सर्वे लंबा चल सकता है। इसके बाद ही नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू होगी। एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जब सर्वे पूरा होगा तो चौंकाने वाले परिणाम सामने आएंगे। उधर, फायर आफिसर टीआर पालीवाल ने कहा कि अभी सर्वे चल रहा है। जब सर्वे पूरा हो जाएगा तो रिपोर्ट बनाकर ऊपरी अधिकारियों को भेज दी जाएगी। अधिकारियों के जैसे आदेश होंगे, वैसी कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS