Faridabad : नागरिक अस्पताल से बच्चा चुराकर महिला फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

Faridabad : नागरिक अस्पताल से बच्चा चुराकर महिला फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
X
सिविल अस्पताल में नवजात बच्चा चोरी कर एक महिला फरार हो गई। महिला चोर अस्पताल में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

Faridabad : बादशाह खान सिविल अस्पताल में नवजात बच्चा चोरी कर एक महिला फरार हो गई। महिला चोर ने खुद को अस्पताल का स्टाफ बताया और बच्चे की मां व सास को कपड़े चेंज करने के लिए भेज दिया। महिला चोर अस्पताल में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। बच्चा न मिलने पर परिजनों ने हंगामा किया। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस महिला व बच्चे की तलाश में जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद अस्पताल स्टाफ में हडकंप मचा हुआ है।

उत्तर प्रदेश के गांव थानपुर जिला बाराबंकी के रहने वाले सुनील ने बताया कि फिलहाल वह सराय ख्वाजा इलाके में स्थित अनंगपुर डेयरी इलाके में किराए के मकान में रह रहे हैं। उनकी पत्नी अनीता को रविवार रात को लेबर पेन हुआ। उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल में रविवार रात को 2 बजे डिलीवरी कराने के लिए दाखिल कराया गया। उसी रात लगभग 3.36 पर उनकी पत्नी को बेटा हुआ। उनकी 2 बेटियां पहले हैं। बड़ी बेटी रोशनी 7 वर्ष और छोटी बेटी गरिमा की उम्र 3 वर्ष है। डिलीवरी के बाद से ही उनकी पत्नी, वह और उनकी मां रामदेई अस्पताल में ही बच्चों के साथ थे। सोमवार रात 11 बजे के करीब एक महिला उनके पास आई और उसने बताया कि वह बीके अस्पताल के स्टाफ से है। इसके बाद महिला उनके आसपास ही पूरी रात रही। इस दौरान उसने बच्चे को भी गोद में लिया और खिलाया। फिर सुबह महिला ने उनकी मां रामदेई से कहा कि वह अपनी बहू के कपड़े चेंज करा कर ले आए।

उन्होंने बताया कि इस दौरान वह खुद नीचे मुंह धोने के लिए गया हुआ था। बच्चे के पास वह महिला अकेली रह गई और इसी का फायदा उठाकर वह उनके बच्चे को लेकर फरार हो गई। लगभग 15 मिनट के बाद जब उनकी मां और उनकी पत्नी वापस बेड पर आए तो बच्चा बेड पर नहीं था। इसके बाद उन्होंने बच्चा चोरी होने का शोर मचाया, लेकिन तब तक महिला बच्चे को लेकर फरार हो चुकी थी। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी और पुलिस महिला व उनके बच्चे की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, बादशाह खान सिविल अस्पताल की पीएमओ सविता यादव ने कहा कि बच्चा चोरी होने की घटना के बाद उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद सभी अस्पताल स्टाफ को तलब किया है। इसमें एक कमेटी बना दी गई है। जांच के बाद जिसका भी दोष पाया जाएगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें - Hisar : नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के दोषी को 5 वर्ष की कैद

Tags

Next Story