दिल्ली कूच : किसानों ने पंजाब- हरियाणा बॉर्डर पर बैरिकेट तोड़े

हरिभूमि न्यूज : अम्बाला
कृषि बिलों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे पंजाब के किसानों व हरियाणा पुलिस के बीच बॉर्डर पर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने बीती रात से ही हरियाणा पंजाब बॉर्डर को सील कर दिया था। लेकिन हजारों की संख्या में ट्रैक्टर ट्रॉली पर आए किसानों ने बैरिकेट तोड़ दिए। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए ठंड में वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। लेकिन किसानों के जोश के सामने पुलिस के सब इंतजार धरे के धरे राह गए। किसानों ने पुलिस की वाटर कैनन मशीन तक पर कब्जा कर लिया। किसानों ने ट्रैक्टर की टक्कर से बैरिकेट ध्वस्त कर दिए। इसके बाद पुलिस अपने बचाव में भागती दिखी।
मौके पर मौजूद डीसी व एसपी ने तनाव बढ़ता देख होम सेक्रेटरी से भी बात की। हालांकि सरकार का जिला प्रशासन व पुलिस पर दवाब था कि किसी भी सूरत में किसानों को हरियाणा में दाखिल नहीं होने दिया जाए। लेकिन किसानों के गुस्से को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए। सुबह से ही पंजाब से आने वाले किसानों ने हरियाणा बॉर्डर पर डेरा डालना शुरू कर दिया था।
इधर हरियाणा की सीमा में पुलिस भी मुस्तैद थी। लेकिन जब किसानों की संख्या बढ़ने लगी तो जिला प्रशासन की चिंता भी बढ़ने लगी। आसपास से अतिरिक्त पुलिस बल अम्बाला मंगवाया गया। इसके बाद किसानों ने बैरिकेट हटाने शुरू किये। पुलिस ने किसानों को रोकना चाहा। लेकिन किसानों ने ट्रैक्टर से बैरिकेड्स तोड़ने शुरू कर दिए। किसी हादसे से बचने के किये पुलिस के जवान पीछे हटने लगे। इसके बाद किसानों का जोश और बढ़ गया। देखते ही देखते किसानों ने सारे बैरिकेट तोड़ डाले। पुलिस ने किसानों पर वाटर कैनन भी चलाया। लेकिन इसी बीच एक किसान वाटर कैनन मशीन पर चढ़ गया। इसी अफरातफरी में किसान बड़ी संख्या में हरियाणा सीमा में दाखिल हो गए। इसके बाद पुलिस ने किसानों को मोहड़ा के पास रोक लिया। इसके बाद किसान जीटी रोड पर कब्जा करके बैठ गए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS