किसानों पर मौसम की मार : बारिश से बाजरे की फसल हुई बर्बाद

किसानों पर मौसम की मार :  बारिश से बाजरे की फसल हुई बर्बाद
X
लगातार हो रही बरसात के कारण किसानों के बाजरा, कपास व पशु चारा गलने व सड़ने लगा है। जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा हैं। लगातार बरसात होने के कारण खेतों में पानी जमा हो गया है तथा काटी हुई फसल नष्ट हो रही है।

हरिभूमि न्यूज : नारनौल

पिछले कई दिनों से नारनौल व आसपास के क्षेत्र में बरसात होने के कारणा किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। लगातार हो रही बरसात के कारण किसानों के बाजरा, कपास व पशु चारा गलने व सड़ने लगा है। जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा हैं। लगातार बरसात होने के कारण खेतों में पानी जमा हो गया है तथा काटी हुई फसल नष्ट हो रही है। विशेष रूप से बाजरे की फसल को भारी नुकसान हुआ है।

नूनी कलां के किसान जितेंद्र, जगरूप, महेंद्र सिंह, करतार सिंह, मुंशीराम व राजेंद्र, शहरपुर के किसान हनुमान सिंह, कबूल, रवि यादव, श्योताज सिंह, रामनिवास, कृष्ण कुमार व सज्जन सिंह आदि ने बताया कि सितंबर महीने में लगातार बरसात होने के कारण अधिकतर खेतों में पानी जमा हो गया है। जिस कारण बाजरे व कपास की फसल गलने लगी है।

अधिकांश किसानों ने इस महीने में बाजरे की कटाई शुरू कर दी थी, जिसकारण उनकी कटी-कटाई फसल की कड़बी (पशुचारा) गल गया है तथा बाजरे के एकत्रित किए सिरे (सीटे) काले पड़ गए हैं तथा सिरे में ही बाजरा उगना शुरू हो गया हैं। जिसकारण किसानों की पकी पकाई फसल खराब हो गई हैं। उन्होंने सरकार से खराब हुई फसल का आंकलन कर किसानों काे मुआवजा देने की मांग की, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके।

Tags

Next Story