अपनी इस मांग को लेकर फिर टोल पर धरना देने पहुंचे किसान, फ्री में निकाले वाहन

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) से जुड़े किसानों ने शनिवार को गेंहू पर पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिए जाने समेत अन्य मांगो को लेकर हरियाणा के सभी जिलों में धरना देकर टोल फ्री करवा दिए। किसानों ने तीन घंटे तक टोल फ्री करवाए रखे और धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
छारा टोल को पर्ची मुक्त करवाया
बहादुरगढ़। गेहूं पर 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने और टोल प्लाजा से 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले वाहनों को फ्री करने की मांग को लेकर किसानों ने शनिवार छारा टोल को पर्ची मुक्त कर दिया। करीब तीन घंटे तक टोल फ्री रहा। इस दौरान किसानों ने अधिकारियों को एक ज्ञापन भी दिया।
दरअसल, तीन घंटे के लिए टोल फ्री करने की कॉल की गई थी। बहादुरगढ़ इलाके में छारा, रोहद और आसौदा-मांडोठी के बीच टोल प्लाजा हैं। सुबह करीब दस बजे ही चढूनी गुट के चिंटू प्रधान सहित काफी किसान व ग्रामीण छारा टोल पर जुटने शुरू हो गए। किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए टोल कर्मचारी खुद ही अपने बूथों से पीछे हट गए। इसके बाद किसानों ने वहां धरना शुरू कर दिया और दोपहर एक बजे तक जमे रहे। जब किसान गए तो टोल पर शुल्क वसूली शुरू हो सकी। पुलिस को भी राहत मिली। तीन घंटे तक टोल फ्री रहने के चलते वाहन चालक भी बेरोक-टोक निकले। उधर, रोहद व केएमपी-आसौदा टोल पर स्थिति सामान्य रही। वहां शुल्क वसूला गया। हालांकि दोपहर तक यहां भी पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से तैनात रही।
यमुनानगर में मिलक माजरा टोल प्लाज पर किया प्रदर्शन
यमुनानगर जिले के मिलक माजरा स्थित टोल प्लाजा पर किसानों ने तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। शनिवार सुबह दस बजे के करीब भारतीय किसान यूनियन से जुड़े जिले भर के सैंकड़ो किसान जिला प्रधान संजू गुंदियाना के नेतृत्व में पंचकूला-देहरादून नेशनल हाईवे पर गांव मिलक माजरा के नजदीक स्थित टोल प्लाजा पर एकत्रित हो गए और धरना प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान किसानों ने तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन किया और टोल को फ्री रखा।
बसताड़ा टोल किसानों ने करवाया फ्री
घरौंडा। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत भाकियू ने एनएच-44 पर स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा को तीन घंटे के लिए टोल मुक्त कर दिया। किसानों ने टोल पर एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और किसानों की मांगों को तुरंत प्रभाव से माने जाने की मांग की। किसानों ने चेताया कि अभी आंदोलन की शुरूआत है। यदि सरकार किसान हित में फैसले नहीं लेती है तो आंदोलन आगे बढ़ा दिया जाएगा। टोल पर किसानों के प्रदर्शन की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
भारतीय किसान यूनियन गेहूं पर 500 रुपए प्रति क्विंटल बोनस, 15 किलोमीटर तक के क्षेत्र को टोल फ्री किए जाने और बिना फास्टैग वाली गाडिय़ों की पहले की तरह पर्ची काटे जाने की मांग कर रहा है। जिसको लेकर भाकियू के नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से नौ अप्रैल को हरियाणा के टोल फ्री करवाकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद आज शनिवार को भाकियू के जिला अध्यक्ष अजय सिंह राणा के नेतृत्व में किसान बसताड़ा टोल प्लाजा पर पहुंच गए। जहां किसानों ने तीन घंटे के लिए टोल फ्री करवाया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS