धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों को लेकर शिक्षा मंत्री के आवास पहुंचे किसान, धरना शुरू

धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों को लेकर शिक्षा मंत्री के आवास पहुंचे किसान, धरना शुरू
X
प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के निवास स्थान के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अनाज मंडियों में धान की खरीद शुरु होने तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर

धान की खरीद शुरू नहीं होने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) से जुड़े किसानों ने शनिवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री कंवरपाल के जगाधरी स्थित निवास स्थान का धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ घेराव किया और जमकर प्रदर्शन किया। मौके पर प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के निवास स्थान के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अनाज मंडियों में धान की खरीद शुरु होने तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

शनिवार को भारतीय किसान यूनियन से जुड़े हजारों किसान धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार होकर जगाधरी अनाज मंडी में एकत्र हो गए। इसके बाद किसान धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर जुलूस की शक्ल में जगाधरी स्थित प्रदेश के शिक्षा मंत्री कंवरपाल के निवास स्थान पर पहुंचे। मगर इस दौरान पुलिस बल ने शिक्षा मंत्री के निवास स्थान से कुछ ही दूरी पर बेरीकेट्स लगाकर किसानों को रोक लिया। जिसके बाद किसानों ने बेरीकेट्स को तोड़ने का प्रयास किया। मगर मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद होने पर किसान बेरीकेट्स तोड़ने में सफल नहीं हो सके। हालांकि इस दौरान कुछ किसानों ने बेरीकेट्स तोड़ने का प्रयास भी किया। जिस पर किसानों और पुलिस के बीच कुछ झड़प भी हुई। बाद में किसान शिक्षा मंत्री कंवरपाल के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे।

धान की खरीद शुरु होने तक जारी रहेगा धरना प्रदर्शन

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिला प्रधान संजू गुंदियाना, प्रदेश सचिव हरपाल सिंह सुढैल व यूनियन के निदेशक मनदीप सिंह ने कहा कि खेतों में धान की फसल पूरी तरह पककर तैयार खड़ी है। किसान पिछले पंद्रह दिन से मंडियों में अपनी धान बेचने के लिए पहुंच रहे हैं। किसानों ने सरकार से पहले 25 सितंबर को धान की खरीद शुरू करवाए जाने की मांग की थी। उस समय सरकार द्वारा एक अक्तूबर को धान की खरीद शुरू करने की बात कही गई थी। मगर अब सरकार द्वारा अचानक धान की खरीद 11 अक्तूबर को करने का निर्णय लेकर किसानों को बर्बाद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा व जजपा सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली है। किसान नेताओं ने कहा कि जब तक धान की खरीद शुरु नहीं होगी तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

शिक्षा मंत्री के निवास स्थान पर भारी पुलिस बल तैनात


किसानों द्वारा शिक्षा मंत्री कंवरपाल के निवास स्थान के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरु करने पर प्रशासन द्वारा वहां पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस दौरान स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल स्वयं किसानों के धरना प्रदर्शन पर पहुंचकर निगरानी करने में लगे हैं। उन्होंने पुलिस को स्थिति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

Tags

Next Story