Fatehabad : जाखल में पराली की 11 हजार गांठों में लगी आग, डेढ़ करोड़ का नुकसान

- पराली स्टोर केंद्र में रखी थी पराली की 16 हजार गांठ
- दमकल कर्मियों ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
जाखल/फतेहाबाद : क्षेत्र के गांव रत्ताथेह के पास मूसाखेड़ा रोड पर बने पराली स्टोर केंद्र में रखी पराली की गांठों में वीरवार अलसुबह करीब साढ़े चार बजे आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही समय बाद इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी औैर क्षेत्र में धुआं ही धुआं फैल गया। इससे क्षेत्र में भगदड़ मच गई। सूचना पाकर जिले के विभिन्न केंद्रों से दमकल गाड़ियां आनन फानन में पहुंची, जहां दमकल कर्मियों ने लगभग 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान बुलडोजर की मदद से भी पराली की गांठों को उठाकर अलग किया गया, ताकि आग आगे न बढ़े। आगजनी में 11 हजार पराली की गांठें जल गई हैं, जिससे करीब डेढ़ करोड़ रुपए के नुकसान का आंकलन किया गया है।
जानकारी अनुसार मूसाखेड़ा रोड पर रत्ताथेह गांव के समीप सड़क किनारे कैथल के सीएल रेलाएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने कई एकड़ भूमि में पराली स्टोर केंद्र बनाया हुआ है। जहां किसानों के खेतों से पराली की गांठें लाकर एकत्रित की जाती है। बताया जाता हैं कि सुबह करीब साढ़े चार बजे पराली के गांठों में अचानक से आग लग गई। प्लांट के सुरक्षा प्रहरी गांव मुसाखेड़ा निवासी गुरविंदर सिंह ने पराली के स्टॉक में आग के गुब्बार निकलते देखे तो तत्काल घटना की सूचना डायल 112 व फायर बिग्रेड को दी गई। सूचना मिलते ही धारसूल दमकल केंद्र से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग के भयंकर रूप को देखते हुए जिला के अन्य फायर केंद्रों से गाडि़यों को बुलाया गया।
इसके बाद फायर ब्रिगेड भूना, जाखल व रतिया से अग्निशमन गाडि़यां मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की चार गाडि़यों ने कई घंटों की जद्दोजहद के बाद पराली स्टोर केंद्र में धधकती आग फैलने से काबू पाया। इस दौरान जेसीबी मशीनों को भी बुलाया गया और बची हुई पराली की गांठों को अलग करवाया गया, ताकि कुछ बचाव किया जा सके। सुबह करीब 10 बजे आग फैलने पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके बाद दोपहर बाद भी पराली की कई गांठों में आग थी, जिसके चलते दमकल विभाग के कर्मचारी शाम तक गांठों को आगजनी से पूरी तरह सुरक्षित करने में जुटे थे। घटना की सूचना मिलने पर प्लॉट इंचार्ज भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने इस घटना से डेढ़ करोड़ का नुकसान होना बताया है।
पांच हजार गांठों को आग से बचाया
स्टोर केंद्र में रखी कुल 16 हजार पराली की गांठों में 11 हजार गांठे पूरी तरह जलकर राख हो गई है। इस भीषण आगजनी की घटना से कंपनी को करीब डेढ़ करोड़ रुपए का नुकसान होना बताया गया है। अग्निशमन कर्मियों की कड़ी मशक्कत से 5 हजार पराली की गांठों को आग से सुरक्षित बचा लिया गया।
यह भी पढ़ें - Rewari : सप्ताहभर बने रहेंगे बरसात के आसार, तापमान में कमी से बढ़ेगी ठंड
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS