Fatehabad : हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर 2 बहनों से ठगे 15 लाख

Fatehabad : दो बहनों को हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर हिसार के एक व्यक्ति द्वारा उनसे 15 लाख ठग लिए गए। इस बारे भूना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही है।
गांव धौलू निवासी कमलेश ने बताया कि उसने डीपीईडी कोर्स किया हुआ है और वह नौकरी की तलाश में फार्म भरती रहती थी। वर्ष 2016 में उसकी शादी पारतां निवासी बलविन्द्र सिंह के साथ हुई थी। कमलेश ने कहा कि उसने 2018 में अपनी बहन रामकला के साथ हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन में हरियाणा पुलिस के फार्म भरे थे। उसके बाद एक दिन उसका फूफा राजेश निवासी बालसमंद उसके घर आया और उसके पिता, भाई व बहन को बताया कि उसका एक जानकार अभिजीत निवासी बालसमंद दोनों बहनों को नौकरी लगवा सकता है। इस पर उसके परिवार वालों ने भी अभिजीत से मुलाकात करवाने को कहा। कमलेश ने बताया कि उस समय उनकी परीक्षा हो गई थी। 2019 में अभिजीत उनके घर धौलू आया और उसके परिवार वालों को झांसे में लेते हुए नौकरी लगवाने की बात कही।
उसकी चिकनी-चुपड़ी बातों पर विश्वास कर दोनों बहनों को नौकरी लगवाने के नाम पर 15 लाख रुपए ले लिए। अभिजीत ने परिवार वालों को तसल्ली के लिए एक खाली चैक भी दिया था। इसके बाद जब परीक्षा का रिजल्ट आया तो लिस्ट में दोनों बहनों का नाम नहीं था। इस पर उन्होंने अभिजीत से अपने पैसे वापस मांगे तो वह टाल-मटोल करने लगा और वापस नहीं लौटा रहा है। बाद में उसने पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में भूना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व गबन के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें - Rewari : राजस्थान के लिए शुरू हुई आफत, रैंप बनते ही कॉलोनियों में घुसा पानी
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS