Fatehabad : सऊदी अरब व इराक से डिमांड आने के बाद बासमती के दामों में आया उछाल

- 1121 के दाम 4900 रुपए तो 1401 किस्म के दाम 4600 रुपए प्रति क्विंटल पहुंचे
- दीपावली के बाद बासमती धान की बढ़ी कीमत
Fatehabad : सऊदी अरब व इराक से बासमती की डिमांड आने के बाद प्रदेश की मण्डियों में दीपावली के बाद बासमती धान के दामों में 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तेजी आई है। इसके साथ ही फतेहाबाद की मण्डियों में 1121 के दाम 4900 रुपए प्रति क्विंटल के करीब पहुंच गए। ऐसे ही बासमती की अन्य किस्मों में भी तेजी आई है। एक्सपोर्टरों के अनुसार सऊदी अरब और इराक के बड़े खरीददारों के मार्किट में आने की सूचना के बाद तेजी आई है।
फतेहाबाद में बासमती के दामों में तेजी आने से किसानों और व्यापारियों की बांछे खिल उठी है। हालांकि यहां के बासमती के उत्पादक किसानों की 60 फीसदी फसल बिक चुकी है और अब दामों में एकाएक तेजी आनी शुरू हो गई है। फतेहाबाद में इस वर्ष कुल 3 लाख 37 हजार 500 एकड़ भूमि में धान की रोपाई हुई थी। इसमें 1 लाख 51 हजार एकड़ में अकेले बासमती की किस्मों की बिजाई की गई थी, जिसमें 1401, 1121, 1509 प्रमुख रूप से शामिल हैं। परमल धान की खरीद सरकार करती है। परमल धान की खरीद 15 नवम्बर से बंद हो चुकी है। बासमती किस्म के धान की खरीद निजी खरीददार करते हैं। इसके दाम पूरी तरह इंटरनेशनल मार्किट पर निर्भर करते हैं। पीछे केन्द्र सरकार ने न्यूनतम निर्यात मूल्य 1200 डॉलर प्रति टन करने से यहां निजी खरीददारों ने बासमती की खरीद बंद कर दी थी। बाद में सरकार ने न्यूनतम निर्यात मूल्य कम करके 950 डालर प्रति टन कर दिया था।
उसके बाद खरीददारों ने दोबारा खरीद शुरू कर दी लेकिन उम्मीद के मुताबिक दामों में तेजी नहीं आ रही थी। इस बीच किसानों ने कभी बारिश तो कभी खराब मौसम को देखते हुए मण्डियों में धान बेचना शुरू कर दिया। उस समय धान के रेट 3500 से 4000 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे थे लेकिन यह भी पिछले साल से कुछ ज्यादा थे। दीपावली के बाद धान उत्पादकों के लिए एक ऐसा अवसर आया कि दो बड़े चावलों के खरीददार देश इराक और सऊदी अरब में बासमती की तेजी से डिमांड निकली। जैसे ही भारत में पता चला कि सऊदी अरब व इराक के बड़े खरीददार इंडिया की मार्किट में बासमती धान खरीद रहे हैं, उसके बाद बासमती धान के दामों में तेजी आनी शुरू हो गई। वीरवार को फतेहाबाद में 1121 के दाम 4850 से 4900 के बीच रहे। ऐसे ही 1401 के दाम 4600 व 1509 के भाव भी पहले से 400 रुपए ज्यादा बोले गए।
क्या कहते हैं राइस एक्सपोर्टर
फतेहाबाद के बड़े राइस एक्सपोर्टर अजय जिंदल के अनुसार सऊदी अरब व इराक के बड़े व्यापारियों द्वारा बासमती की खरीद की सूचना के बाद दीपावली के बाद यहां मार्किट में तेजी आई है। अब यह तेजी कायम रहेगी, जिससे किसान व व्यापारी दोनों को फायदा है।
सरकार करती है परमल धान की खरीद
डीएफएससी विनीत जैन ने बताया कि सरकार परमल धान की खरीद करती है। परमल धान की खरीद 15 नवम्बर तक पूरी हो गई है। बासमती किस्म के धान की खरीद निजी खरीददार करते हैं। इस बार बासमती के दाम बीते वर्ष से काफी तेज है। यह भाव पूरी तरह इंटरनेशनल मार्किट पर निर्भर रहते हैं। एक्सपोर्ट खुलने व खाड़ी देशों में डिमांड आने के बाद यहां बासमती के दामों में तेजी आना स्वाभाविक है।
यह भी पढ़ें - Rewari : वीएलडीए व एनिमल अटेंडेंट के सहारे नाहड़ पशु चिकित्सालय
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS