Fatehabad: गाय को किया प्लाट में कैद, 2 दिन तक भूखे प्यासे तड़पती रही गाय, फिर...

हरिभूमि न्यूज. फतेहाबाद: शहर में कुछ शरारती युवकों ने एक गाय को खाली प्लाट में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया। दो दिन तक गाय भूखी-प्यासी अंदर तड़फती रही। लोगों ने जब प्लाट में से गाय के रंभाने की आवाज सुनी तो इस बारे सामाजिक संगठन बाबा श्याम वेलफेयर सोसायटी के विजय सहारण को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही विजय सहारण मौके पर पहुंचे और बाद में पुलिस की सहायता से प्लाट का ताला तोड़कर गाय को आजाद करवाया गया। इस घटना से गौ सेवकों में काफी रोष है और उन्होंने गाय के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बाबा श्याम वेलफेयर सोसायटी के प्रधान विजय सहारण ने बताया कि शाम को उनको पुरानी तहसील क्षेत्र के लोगों ने सूचना दी कि कुछ शरारती तत्वों ने एक गाय को प्लाट में बंद करके बाहर से ताला जड़ रखा है। भूखी-प्यासी गाय अंदर बुरी तरह तडफ रही है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और वार्ड की पार्षद नीलांशी शर्मा को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया। इसके बाद जब प्लाट मालिक से सम्पर्क किया गया तो उसने बताया कि वह दिल्ली में है और प्लाट में गाय को बंद करने बारे उसे कोई जानकारी नहीं है।
बाद में इस बारे आसपास के लोगों से पता किया लेकिन किसी ने गाय को बंद करने वालों बारे कुछ नहीं बताया। बाद में इस बारे पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया और प्लाट का ताला तोड़कर गाय को बाहर निकाला गया। विजय ने बताया कि गाय दूध देने वाली है, लेकिन जिस प्रकार उसे यहां बंद किया गया था, उससे लगता है कि गाय बेसहारा है।आसपास के लोगों ने बताया कि दो दिन से गाय भूखी प्यासी यहां बंद है और अंदर से लगातार उसकी आवाज आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS