Fatehabad : पति ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर महिला को घर से निकाला, न्याय के लिए धरने पर बैठी पीड़िता

- जिला परिषद चेयरमैन ने दिया महिला को न्याय दिलवाने का आश्वासन
- पीड़िता ने पति पर लगाया दूसरी शादी करने व बेघर करने का आरोप
Fatehabad : रतिया की एक विवाहिता ने अपने पति और उसकी दूसरी पत्नी द्वारा प्रताड़ित किए जाने से परेशान होकर न्याय के लिए वीरवार को लघु सचिवालय के बाहर धरने शुरू कर दिया। महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने और उसे बेघर करने का आरोप लगाया। उसने प्रशासन से मांग की कि उसके पति से रहने के लिए उसे घर और गुजारे के लिए पेंशन का आधा हिस्सा दिलवाया जाए। महिला ने इस बारे मुख्यमंत्री को भी खुला पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई। ठंड के मौसम में जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़ व समाजसेवी सुभाष खिचड़ ने महिला को लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे देखा तो दोनों महिला के पास पहुंचे और उसकी समस्या के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्हें न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया। जिला परिषद चेयरमैन ने इस मामले में पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की है।
धरने पर बैठी रतिया के वार्ड नं. 10 निवासी महिला मुन्नी देवी ने जिला परिषद चेयरमैन सुमन व सुभाष खिचड़ को बताया कि उसकी शादी 1987 में पूर्ण सिंह के साथ हुई थी। उसके बच्चा न होने के कारण उसने वंश चलाने के लिए अपने पति को दूसरी शादी की सहमति दी थी। इस पर उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। एक-दो साल बाद ही पूर्ण सिंह व उसकी दूसरी पत्नी ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। वे उसके साथ मारपीट करते थे। दोनों ने 21 अक्टूबर को उसे जान से मारने की कोशिश की। उसे बुरी तरह पीटकर घर से निकाल दिया। इस पर उसने अस्पताल में दाखिल होकर अपने पति व उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ ब्यान दिया था। इस पर पुलिस ने उन दोनों को बुलाने की बजाय उसे जबरन फोन कर थाने में बुलाया और हस्ताक्षर करवाकर कहा कि वह किराए के मकान में रह ले, जिसका किराया उसका पति दिया करेगा जबकि उसके पति के पास तीन प्लाट है। इस मामले में उसने राज्य महिला आयोग में भी शिकायत दी थी।
राज्य महिला आयोग की चेयरमैन रेनु भाटिया जब फतेहाबाद आई तो उन्होंने खुले दरबार में उसके पति की नौकरी व पेंशन के बाद मिलने वाली राशि व जायदाद में आधार हिस्सा दिलवाने की घोषणा की थी लेकिन आज तक उसे कुछ नहीं मिला है। महिला ने कहा कि रतिया पुलिस भी उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही। ऐसे में उसे न्याय के लिए फतेहाबाद लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठना पड़ा है। महिला ने जिला प्रशासन ने उसे रहने के लिए मकान व जीवन यापन के लिए साधन उपलब्ध करवाने की मांग की। जिला परिषद चेयरमैन सुमन सुभाष खिचड़ ने महिला को जिला अधिकारियों से बातचीत कर न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया और उसे अपने साथ अपने कार्यालय ले गए हैं।
यह भी पढ़ें - Rewari : अनियंत्रित होकर खड़े ट्रॉले में घुसी कार, चालक की मौत व एक घायल
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS