डेढ़ महीने के बच्चे का मर्डर : पत्नी से झगड़ा होने पर पिता ने ही ले ली बेटे की जान

फरीदाबाद। राजीव नगर ओल्ड फरीदाबाद में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने अपने डेढ़ माह के बेटे लविश की जान ले ली। आरोपी की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। करीब डेढ़ साल पहले इनकी शादी हुई थी। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
ऐसे हुई घटना
मूलरूप से झाड़सेंतली निवासी सुंदर सिंह करीब छह माह से राजीव नगर में रह रहा था। उसकी पत्नी प्रिया को डेढ़ माह पहले जुड़वां बेटे हुए थे। प्रिया का आरोप है कि उसका पति उसके साथ अक्सर मारपीट करता था। वह उसके नवजात शिशुओं के साथ भी मारपीट करता रहता था। कई बार उससे मना किया, पर वह नहीं माना। पति की अक्सर रात की ड्यूटी रहती थी। जब वह दिन में सोता था तो यदि कोई सा बच्चा रोता तो वह उसके साथ मारपीट करता था। उसे रोते हुए बच्चे पर बहुत गुस्सा आता था। रक्षाबंधन पर उसका पति दोनों बच्चों के लिए नए कपड़े लेकर नहीं आया। इसी बात को लेकर शुक्रवार सुबह झगड़ा हुआ। पति ने उसके साथ मारपीट की। वह दोनों बच्चों को लेकर मायके जाना चाहती थी, पर पति ने एक बच्चे लविश को नहीं दिया।
वह जुड़वा दूसरे बेटे को लेकर कुछ ही दूरी पर मायके चली गई। वहां भाई को राखी बांधकर 20 मिनट बाद वापस आई तो देखा बेटे की नाक से खून निकल रहा है। बेटे के चेहरे पर लाल निशान हैं जैसे थप्पड़ मारे हों। पति मौके से गायब था। बच्चे को अस्पताल लेकर गए तो उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही डीसीपी सेंट्रल, एसीपी क्राइम, एसीपी ओल्ड और थाना प्रबंधक ओल्ड दिनेश द्वारा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान नागरिक अस्पताल में रखवाया। मौके पर सीन आफ क्राइम टीम एवं क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS