महिला रेल यात्री ने निकाली स्टेशन मास्टरों की हेकड़ी, जीआरपी ने दर्ज किया बदसलूकी का केस, पढ़ें पूरा मामला

महिला रेल यात्री ने निकाली स्टेशन मास्टरों की हेकड़ी, जीआरपी ने दर्ज किया बदसलूकी का केस, पढ़ें पूरा मामला
X
जीआरपी को दर्ज शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि चाबी मांगने पर स्टेशन मास्टर विनय व उसके पास बैठे दूसरे स्टेशन मास्टर रामौतार यह कहते हुए चाबी देने से इंकार कर दिया कि महिलाएं टायलेट को गंदा करती हैं।

नरेन्द्र वत्स : रेवाड़ी

रेलवे जंक्शन पर वेटिंग रूम में बने लेडीज और जेंट्स टायलेट पर ताला जड़कर महिला यात्री को चाबी देने से इंकार करने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में जीआरपी ने दो स्टेशन मास्टरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी के अनुसार दोनों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सोमवार सायं दिल्ली के पश्चिम विहार की रहने वाली एक महिला यात्री रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में ट्रेन बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसकी तबियत खराब हो गई। वह टायलेट जाना चाहती थी। जब वेटिंग रूम के टायलेट के पास गई, तो लेडीज और जेंट्स दोनों टायलेट पर ताले लटके हुए थे। इसके बाद महिला ने स्टेशन मास्टर विनय शर्मा के पास जाकर टायलेट की चाबी मांगी। जीआरपी को दर्ज शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि चाबी मांगने पर स्टेशन मास्टर विनय व उसके पास बैठे दूसरे स्टेशन मास्टर रामौतार यह कहते हुए चाबी देने से इंकार कर दिया कि महिलाएं टायलेट को गंदा करती हैं। जब महिला ने स्टेशन मास्टर को बताया कि इस तरह से सार्वजनिक टायलेट को ताला नहीं लगाया जा सकता, तो दोनों ने महिला के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि स्टेशन मास्टर के पास बैठे दूसरे व्यक्ति ने उसे धक्के मारकर अभद्र व्यवहार किया। दोनों उसे वहां से जबरदस्ती भगा दिया। इसके बाद वह अपनी शिकायत लेकर जीआरपी के पास पहुंची। जीआरपी ने दोनों स्टेशन मास्टरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।

ठेकेदारों से मिलकर खेल रहे खेल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान के बाद सार्वजनिक शौचालयों की दशा में सुधार तो हुआ था, साथ ही बड़ी संख्या में सार्वजनिक स्थानों पर शौचालयों का निर्माण भी कराया गया था। ऐसे में रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान के शौचालयों पर ताला लगाने के पीछे मोटा खेल देखने को मिल रहा है। स्टेशन से बाहर ठेकेदार के शौचालयों में महिलाओं से लघुशंका के नाम पर भी पैसा वसूल किया जाता है। वेटिंग रूम के शौचालय बंद होने के कारण महिलाओं को बाहर बने ठेकेदार के शौचालयों का ही इस्तेमाल करना पड़ता है। अधिक सामान के साथ स्टेशन पर मौजूद महिलाओं के लिए सामान छोड़कर बाहर जाना आसान नहीं होता। इससे उनका सामान चोरी होने की आशंका बनी रहती है। सूत्रों के अनुसार ठेकेदार के साथ सांठगांठ के चलते ही वेटिंग रूम के शौचालयों को ताले लगाए हुए थे, ताकि रेल यात्री बाहर पैसे देकर प्रशाधनों को इस्तेमाल कर सकें।

जल्द होगी दोनों की गिरफ्तारी

जाआरपी थाना प्रबंधक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों स्टेशन मास्टरों ने महिला यात्री को चाबी देने की बजाय, उसके साथ दुर्व्यवहार किया। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए जीआरपी के एसपी को रिपोर्ट प्रेषित कर दी है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags

Next Story