बाल महोत्सव-2020 : ऑनलाइन प्रतियोगिताओं में प्रदेश में महेंद्रगढ़ जिला रहा प्रथम

हरिभूमि न्यूज : नारनौल
कोविड-19 ने भले ही पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया हो, लेकिन महेंद्रगढ़ जिला के छात्र-छात्राओं ने इस आपदा को भी अवसर में बदल दिया और राज्य स्तर के बाल महोत्सव-2020 मुकाबले में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। पिछले साल जिला दूसरे स्थान पर रहा था। अब प्रदेश के राज्यपाल सत्यदेव आर्य इन्हें पुरस्कृत करेंगे। उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के प्रधान अजय कुमार ने जिला वासियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि इन बच्चों ने जिला का नाम रोशन किया है। इन सभी की मेहनत व लग्न से जिला ने यह मुकाम हासिल किया है।
कोविड-19 के चलते हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद चण्डीगढ द्वारा बाल महोत्सव-2020 ऑनलाइन करवाया गया था। इसमें जिला के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कामयाबी का झंडा गाड़ दिया। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में जिला ने 36 पोजिशन प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर रेवाड़ी व तृतीय स्थान पर भिवानी जिला रहा।
जिला बाल कल्याण अधिकारी विपिन शर्मा ने बताया कि आज हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद् चण्डीगढ़ द्वारा बाल महोत्सव-2020 के तहत हुई बच्चों की ऑनलाइन प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए है। इसमें जिला महेंद्रगढ़ के बच्चों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। ये प्रतियोगिताएं 10 अक्टूबर से 10 नवम्बर 2020 तक आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता मेंं जिला महेन्द्रगढ़ से 21419 बच्चों ने हिस्सा लिया था। इनमेंं 524 बच्चे जिला स्तर पर विजेता रहे, जिनको नगद पुरस्कार राशि सीधे उनके बैंक खातों में भिजवा दी गई है तथा सभी विजेता बच्चों को प्रमाण पत्र भी दिए गए है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में आयोजित किंगडम ऑफ ड्रिम्स गुरुग्राम में हमारे जिले के बच्चों ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इस बार उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया है जो कि बहुत ही सराहनीय प्रदर्शन है। इन सभी विजेता बच्चों को राज्य स्तर का पुरस्कार व प्रमाण पत्र हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद् चण्डीगढ़ की ओर से राज्यपाल के हाथों दिया जाएगा। जिला बाल कल्याण अधिकारी ने हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद् के मानद महासचिव कृष्ण ढूल व अन्तरराष्ट्रीय व राज्य स्तर के सभी महत्वपूर्ण हस्तियों एवं जिला महेन्द्रगढ़ के सभी प्रशासनिक अधिकारियों व शिक्षण संस्थाओं के मुख्याओं तथा आमजन का विशेष आभार व्यक्त किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS