बेटे और बहू की रिहाई के लिए पिता ने बेटी के साथ थाने के बाहर पिया जहर

हरिभूमि न्यूज. अंबाला
गिरफ्तार बेटे को छुड़ाने के लिए पिता-पुत्री ने महेशनगर थाने के बाहर जहर पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। पता चलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। इसके बाद दोनों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने आत्महत्या का प्रयास करने के आरोप में दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की मानें तो फिट होते ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। दरअसल पुलिस ने मारपीट के आरोप में आजाद नगर के रहने वाले मनीष कुमार व उसकी पत्नी सिमरन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इसकी सूचना मनीष की मां को दी थी।
पुलिस ने बताया कि जब मनीष के पिता सतीश कुमार को बेटे की गिरफ्तारी का पता चला तो वह बेटी रुबी के साथ महेशनगर थाने के बाहर पहुंच गया। यहां पुलिस कर्मियों को एक शीशी दिखाकर उसने कहा कि वह और उसकी बेटी घर से जहर पीकर आए हैं। अगर पुलिस ने उसके बेटे व पुत्रवधू को रिहा नहीं किया तो वह बेटी के साथ थाने के बाहर ही जहर पीकर आत्महत्या कर लेगा। जब पुलिस ने उसकी मांग को नामंजूर कर दिया तो आरोपी ने हाथ में ली हुई शीशी में बचा जहर गटक लिया। इसके बाद बेटी रुबी ने पिता के हाथ से शीशी छीनकर बची जहरीली चीज निगल ली। इसके बाद दोनों थाने के मुख्य बेटे के बाद ही लेट गए।
जब पुलिस कर्मियों को इस बात का पता चला तो तुरंत पिता-पुत्र के हाथों से जहरीली चीज की शीशी छीनकर उन्हें अपनी गाड़ी में डालकर नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां तुरंत ही उनका उपचार शुरू कर दिया। अभी उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एसएचओ अजायब सिंह ने बताया कि मनीष व सिमरन को दर्ज केस में गिरफ्तार किया था। मगर पिता सतीश कुमार व उसकी बेटी रुबी ने दोनों की रिहाई के लिए थाने के बाहर जहरीली चीज निगल ली। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में दाखिल करवा दिया है। साथ ही थाने के बाहर आत्महत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS