पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने फिर भरी हुंकार, इनेलो सड़कों पर उतरेगी और एक बड़ा जनआंदोलन करेगी

हरियाणा में आगामी निकाय के चुनावों के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में इंडियन नेशनल लोकदल (Indian National Lok Dal) के राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी के मुख्य पदाधिकारियों की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ ओम प्रकाश चौटाला (Om Prakash Chautala) ने की। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आने वाले निकाय चुनाव इनेलो पार्टी अपने चुनाव चिह्न पर लड़ेगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि जो पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया जाएगा और साथ ही उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर पार्टी संगठन को और ज्यादा मजबूत किया जाएगा।
बैठक के दौरान प्रदेश में भाजपा गठबंधन सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण बेतहाशा बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, लचर कानून व्यवस्था और किसानों के हितों की अनदेखी पर गहन चिंतन एवं मंथन किया गया जिसके बाद इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि जल्द ही इनेलो जनता के हितों की लड़ाई लडऩे के लिए सड़कों पर उतरेगी और एक बड़ा जनआंदोलन करेगी। इनेलो सुप्रीमो ने उपस्थित पदाधिकारियों से बैठक के दौरान लिए गए सभी निर्णयों पर तुरंत संगठन में अमल करने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी, राष्ट्रीय महासचिव आर एस चौधरी, संगठन के पॉलिसी एंड प्रोग्राम के चेयरमैन एम एस मलिक, पार्टी सचिव नच्छत्तर सिंह मल्हान, राष्ट्रीय प्रवक्ता अश्वनी दत्ता, प्रदेश प्रवक्ता सतबीर सैनी एवं रजत पंजेटा उपस्थित थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS