बच्चे ने दिखाई बहादुरी : नशीला पदार्थ देकर छात्र का कार सवार युवकों ने किया अपहरण, हाेश आने पर भाग निकला

हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर
शहर की हरीनगर कालोनी में ट्यूशन पढ़ने गए 10 वर्षीय लड़के को कार सवार चार युवकों ने नशीला पदार्थ देकर अगवा कर लिया। युवक उसे शहर के तेजली स्टेडियम के नजदीक लेकर गए। जहां पर होश में आने के बाद लड़का आरोपितों के चंगुल से छुटकर भाग निकला। बताया जा रहा है कि आरोपितों के पास हथियार और दो छोटे बच्चे भी थे। पुलिस ने अज्ञात चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हरी नगर कालोनी निवासी राकेश कुमार ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 10 वर्षीय लड़का सौरव चौथी कक्षा में पढ़ता है। वह दोपहर को कालोनी में ही ट्यूशन पढ़ने के लिए गया था। जब वह ट्यूशन पढ़कर घर लौटने लगा तो कार में सवार होकर चार युवक आए। आरोपितों ने उसके लड़के को कुछ चीज देने के बहाने से अपने पास बुलाया। जब उसका लड़का आरोपितों के पास गया तो उन्होंने उसे नशीला पदार्थ देकर अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपित उसके लड़़के को शहर के तेजली स्टेडियम के पास लेकर गए। जहां पर उसका लड़का होश में आने के बाद आरोपितों के चंगुल से छुटकर भाग निकला।
उसे आगे दो अन्य युवक मिले। युवकों ने उसे उनके घर तक पहुंचाया। उसने लड़के ने बताया कि आरोपितों के पास हथियार थे और उनके पास दो बच्चे और भी थे। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 328 व 365 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। सहायक सब इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपितों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS