हरियाणा में घर-घर जाकर होगी सभी लोगों की फ्री स्वास्थ्य जांच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कुरुक्षेत्र से शुरू करेंगी यह योजना

कुरुक्षेत्र। हरियाणा सरकार की तरफ से अब प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य की जांच और विभिन्न प्रकार के टेस्ट नि:शुल्क रूप से किए जाएंगे। इस योजना की सौगात मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तरफ से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को दी जा रही है। यह सौगात कुरुक्षेत्र की पावन धरा से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना के तहत दी जाएगी। अहम पहलू यह है कि 29 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और मुख्यमंत्री मनोहर लाल कुरुक्षेत्र से इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
म्हारा गांव जगमग गांव योजना की तर्ज पर प्रदेश सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के पावन पर्व पर कुरुक्षेत्र की पावन धरा से किया जा रहा है। इस योजना का शुभारंभ 29 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किया जाएगा। इस योजना का शुभारंभ करने की तैयारियां कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जोर-शोर से की जा रही है। इस योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आगामी 2 सालों में घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी और उम्र के हिसाब से कुछ टेस्ट भी किए जाएंगे। यह सभी टेस्ट और स्वास्थ्य की जांच निशुल्क रूप से की जाएगी।
इस योजना को उम्र के हिसाब से 5 श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिसमें 0 से 6 माह, 6 माह से 59 माह, 5 से 18 साल, 18 से 40 साल तथा 40 साल से ऊपर की आयु वर्ग को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से सबसे पहले अन्तोदय योजना के तहत आने वाले परिवारों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। जिन परिवारों की आय 1 लाख 80 हजार से कम है उन्हें इस योजना का लाभ दिया जाएगा। इस प्रदेश में अंत्योदय योजना के तहत 26 लाख 64 हजार 257 हाऊस होल्ड की 1 करोड़ 6लाख 6 हजार 475 लोगों को योजना का लाभ मिलेगा। इसके बाद बाकी परिवारों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
इस योजना के लिए लोगों के स्वास्थ्य की जांच जांचने के लिए प्रदेश में 22 डीसीएच, 44 सीएचएस, 117 सीएचसी, 413 पीएचसी, 104 यूपीएचसी, 1491 एचडब्लयूसी को शामिल किया गया है। इस योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में 29 नवंबर 2022 को आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य की जांच के दौरान अगर किसी व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब मिलता है तो उसकी रिपोर्ट आशा वर्कर द्वारा सम्बन्धित अस्पताल को सूचित किया जाएगा और उसके स्वास्थ्य की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS