दादरी को सौगात : 45 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व शुभारंभ

दादरी को सौगात : 45 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व शुभारंभ
X
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने निर्देश दिए कि दादरी और बाढड़ा की विकास परियोजनाओं के प्रारूप को आगे 10 या 20 साल बाद आने वाली परिस्थितियों को देखते हुए बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आज जो आबादी, कर्मचारियों, अधिकारियों की संख्या है वह आने वाले समय में और अधिक बढ़ जाएगी।

चरखी दादरी : हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने दादरी लोकनिर्माण विश्रामगृह में 45 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उनके साथ बाढड़ा की विधायक नैना सिंह चौटाला, उपायुक्त प्रदीप गोदारा, चेयरमैन राजदीप फौगाट, पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत आदि उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला का दादरी रेस्ट हाऊस में पहुंचने पर उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने अपने साथी अधिकारियों के साथ स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने यहां दादरी से भिवानी की ओर जाने वाले बाईपास रोड के पुननिर्माण का शिलान्यास किया। इस पर आठ करोड़ 82 लाख 50 हजार रूपए की राशि खर्च होगी। उन्होंने गांव घसोला से भैरवी तक की सडक़ का शुभारंभ किया। साढ़े छ: किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 6 करोड़ 16 लाख 89 हजार रुपए की लागत आई है। उप मुख्यमंत्री ने एक करोड़ 40 लाख की लागत से बनने वाली संतोखपुरा से महराणा सडक़, एक करोड़ सात लाख की लागत से तैयार होने वाले गांव समसपुर से देवी ढाणा, कालियावास रोड, सवा करोड़ की लागत से बनाई गई गांव घसोला से मंदोली, आठ करोड़ 95 लाख की लागत से बनने वाले गांव घिकाड़ा-फतेहगढ़ से मध-माधवी तक तथा 17 करोड़ 69 लाख की लागत से बनने वाले दादरी से महेंद्रगढ़ रोड का सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास किया।

वहीं उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने निर्देश दिए कि दादरी और बाढड़ा की विकास परियोजनाओं के प्रारूप को आगे 10 या 20 साल बाद आने वाली परिस्थितियों को देखते हुए बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आज जो आबादी, कर्मचारियों, अधिकारियों की संख्या है वह आने वाले समय में और अधिक बढ़ जाएगी। इसलिए अधिकारी कार्यालय भवन, सीवरेज सिस्टम, कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए आवास सुविधा आदि के प्रोजेक्ट भविष्य को देख कर ही तैयार करें।

दुष्यंत सिंह चौटाला लोकनिर्माण विभाग के विश्रामगृह परिसर में अधिकारियों की जिलास्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए जिला में चल रहे विकास कार्य, आने वाली परियोजनाओं तथा समस्याओं से अवगत करवाया। नगराधीश नरेंद्र कुमार ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रोजेक्टर स्क्रीन पर विभाग अनुसार विकास योजनाओं का खाका रखा। इसमें हाल ही में दो साल की अवधि के दौरान पूरे हुए व वर्तमान में चल रहे विकास के काम तथा भविष्य की विकास योजनाओं को उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। जिनमें दादरी शहर से पानी की निकासी के लिए 37 करोड़ 77 लाख की योजना, समसपुर स्टेडियम, सचिवालय, दादरी-बाढड़ा के नए सरकारी भवन, बाढड़ा का बाईपास रोड, रोहतक रोड पर बनने वाला आरओबी आदि प्रमुख थे। गांव पैंतावास से मध-माधवी तक बनने वाली सड़क के बारे में उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस सडक़ को पूरी छह करम की बनाई जाए।

दुष्यंत चौटाला ने आदेश दिए कि बाढड़़ा जुई सतनाली रोड के बाईपास को पूरा सर्कल बनाकर इसकी योजना बनाई जाए। अन्यथा भविष्य में बाईपास बनाने में कठिनाई होगी। उन्होंने कहा कि दादरी और बाढड़ा में अधिकारियों व कर्मचारियों के आवास के लिए वन बीएचके, टू बीएचके साईज के फ्लैट बनाने के एस्टीमेट तैयार किए जाएं, इससे आने वाले समय में सरकारी मुलाजिमों को रहने की दिक्कत पेश नहीं आएगी। लोकनिर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता विकास सहरावत ने डिप्टी सीएम को बताया कि शहर के रोहतक रोड पर 60 करोड़ की लागत से आरओबी बनाने का प्रस्ताव है, इसका आधा खर्च रेलवे विभाग द्वारा उठाया जाएगा। इसी प्रकार बौंद और दादरी में राजकीय महाविद्यालय के भवन बनाए जाएंगे।

Tags

Next Story