Rohtak : लड़की ने सहेली से रचाई शादी, सुरक्षा मांगने पर अदालत ने सेफ होम भेजा

Rohtak :  लड़की ने सहेली से रचाई शादी, सुरक्षा मांगने पर अदालत ने सेफ होम भेजा
X
रोहतक में शहर की एक लड़की ने अपनी सहेली के साथ ही सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खा ली। इतना ही नहीं दोनों लड़कियां कोर्ट में भी जा पहुंची।

विजय अहलावत : रोहतक

सामाजिक मान्यताओं के तहत आमतौर पर लड़का और लड़की की शादी की जाती हैं। लेकिन रोहतक( Rohtak) में शहर की एक लड़की ने अपनी सहेली के साथ ही सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खा ली। इतना ही नहीं दोनों लड़कियां कोर्ट (Court) में भी जा पहुंची। कोर्ट के आदेश पर दोनों को सेफ हाउस में भेजा गया। लड़कियों ने परिवार से जान का खतरा भी बताया है।

दरअसल, शहर की एक कालोनी में रहने वाली 21 वर्षीय लड़की की दिल्ली निवासी 22 वर्षीय लड़की के साथ गहरी दोस्ती है। दोनों लड़की दूर की रिश्तेमारी के माध्यम से आपस में मिलते रहे हैं। इस दौरान दोनों ने आपस में शादी करने का निर्णय ले लिया। जब उनके परिवार को इस बात का पता चला तो उन्होंने सख्त विरोध जताया। उन्हें ऐसा करने से राेका गया। लेकिन परिवार के विरोध का लड़कियों केे मन पर कोई असर नहीं पड़ा। इसके बाद दिल्ली से लड़की रोहतक पहुंंची।

दोनों साथ कोर्ट पहुंची

वह अपनी सहेली के साथ कोर्ट में पहुंची और शादी के लिए मंजूरी मांगी। कोर्ट ने लड़कियों के बयान दर्ज किए। जिसमें उन्होंने कहा है कि अपने होश में बिना किसी दबाव में आपस में शादी कर रही हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस को दोनों की सुरक्षा के आदेश दिए गए। जिसके बाद उन्हें सेफ हाउस भेजा गया। पुलिस ने लड़कियों के परिवार के बयान भी दर्ज किए हैं।

लड़कियों का कहना है कि सभी को अपनी मर्जी से जीने का अधिकार है। कानून ने उनकों भी यह हक दिया है। वह अपना जीवन अपनी मर्जी से जीना चाहते हैं। इसलिए हर सुख-दुख में एक दूसरे का साथ निभाएंगी।

बयान दर्ज

शहर की एक कालोनी की लड़की ने दिल्ली की लड़की के साथ शादी की है। दोनाें के परिवार के बयान दर्ज किए गए हैं। दोनों लड़कियां सेफ हाउस में रह कर जा चुकी हैं। हालांकि परिवार उनकी शादी से असहमत हैं लेकिन दोनों को परिवार से किसी प्रकार का खतरा नहीं है। -जरनैल सिंह, चौकी प्रभारी सल्लारा मोहल्ला

भिवानी में भी सामने आया मामला, महिला ने पति को छोड़कर सहेली से शादी कर ली

एक ऐसा ही मामला भिवानी से आया है। शहर की एक लड़की की शादी एक युवक के साथ हो गई थी। लेकिन युवती ने अपने पति को छोड़ दिया। इसके बाद उसने अपनी पुरानी सहेली से ही शादी कर ली। दोनों कोर्ट में सुरक्षा के लिए पहुंची थी। उन्हें अब अगले सप्ताह कोर्ट में बुलाया गया है। दोनों लड़कियों के परिवार इस मामले में सहमत नहीं हैं। जिसके बाद लड़कियों ने जान का खतरा बताया था। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिकता को अपराध की श्रेेणी से बाहर कर दिया था। जिसके बाद देश में कई जगह लड़कियों ने लड़कियों से शादी की है।

Tags

Next Story