गीता महोत्सव की गतिविधियों का आगाज : पुरुष वर्ग में आरिफ अली व महिला वर्ग में अंजली ने जीती गीता रन

गीता महोत्सव की गतिविधियों का आगाज : पुरुष वर्ग में आरिफ अली व महिला वर्ग में अंजली ने जीती गीता रन
X
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का जोश और उमंग सहजता से देखा जा सकता था। इस जोश और उमंग से ब्रहमसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग की फिजा भी बदली-बदली सी नजर आई।

कुरुक्षेत्र। गीता रन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए महिला और पुरुष प्रतिभागियों को दौड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का जोश और उमंग सहजता से देखा जा सकता था। इस जोश और उमंग से ब्रहमसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग की फिजा भी बदली-बदली सी नजर आई। इस गीता रन में देश के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों युवक और युवतियों ने अपना पंजीकरण करवाया। इस गीता रन के साथ ही अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 की गतिविधियों का भी आगाज हो गया है।

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 की गीता रन का शुभारंभ करने के लिए विधायक सुभाष सुधा ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में पहुंचे। यहां पर जिला प्रशासन, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और जिला खेलकूद विभाग की तरफ से आयोजित गीता रन को विधायक सुभाष सुधा ने हरी झंडी देकर रवाना किया। इसके उपरांत विधायक सुभाष सुधा, एडीसी एवं सीईओ केडीबी अखिल पिलानी, एसडीएम सुरेंद्र पाल, केडीबी मादन सचिव उपेंद्र सिंघल, जिला खेलकूद अधिकारी सतेंद्र कुमार ने पुरुषों की 10 किलोमीटर दौड़ में रोहतक से आरिफ अली प्रथम, सोनीपत से रोहित द्वितीय, रोहतक से परमजीत तृतीय स्थान पर आने पर क्रमश: 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया।

विधायक सुभाष सुधा ने 5 किलोमीटर महिला गीता रन में प्रथम स्थान पर आने वाली कुरुक्षेत्र से अंजली, द्वितीय स्थान पर अंबाला से रिंपी व तीसरे स्थान पर आने वाली रोहतक की नेहा पंवार को भी क्रमश: 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपए की नगद राशि देकर सम्मानित किया। इसके अलावा पुरुष वर्ग में करनाल से सौरव, राजस्थान से मुकेश कुमार, कुरुक्षेत्र से रवि, रोहतक से सुमित, निखिल, विकास व सौरव तथा महिला वर्ग में करनाल से विजेता, सिमरण, अंबाला से रितिका, कुरुक्षेत्र से गुंजन, महक, हर्षिता व महक को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 2100-2100 रुपए देकर सम्मानित किया। विधायक सुभाष सुधा ने युवाओं के साथ सीधा संवाद करते हुए कहा कि खेलकूद विभाग की इस गीता रन से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 की गतिविधियों का विधिवत रूप से आगाज हो गया है। इस गीता रन के लिए केडीबी, जिला प्रशासन और तमाम प्रतिभागी बधाई के पात्र है। इस गीता रन में युवाओं के जोश और उत्साह को देखकर उन्होंने कहा कि सभी युवा खिलाड़ियों को मेहनत और लगन से अपने-अपने खेल और क्षेत्र में काम करने की जरूरत है। जब प्रत्येक युवा पूरे उत्साह के साथ खेलेगा तो निश्चित ही देश खेलों के साथ-साथ हर क्षेत्र में बुलन्दियों को छुएगा।

गीता रन में दौड़ते हुए युवा।

विधायक सुधा ने इा दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से जहां गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का दर्जा मिला वहीं धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र ने भी विश्व के मानचित्र पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। अब अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का हर वर्ष प्रदेश ही नहीं देश के हर कोने के नागरिक बेसब्री से इंतजार करते है। इस मैराथन में विभिन्न प्रदेशों के खिलाड़ियों के शिरकत करने से इसका सहजता से आंदोलन भी किया जा सकता है। उन्होंने प्रदेश वासियों को 7 दिसंबर से 24 दिसंबर तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का निमंत्रण देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही यह महोत्सव सफल हो पाएगा।

ये भी पढ़ें- फतेहाबाद पुलिस ने 13 नशा तस्कर पकड़े : 21 किलोग्राम चूरा पोस्त, 1100 ग्राम गांजा, हेरोइन और चरस भी बरामद

Tags

Next Story