होली पर गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले : गन्ने का 21 करोड 67 लाख रुपये भुगतान किया गया

होली पर गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले : गन्ने का 21 करोड 67 लाख रुपये भुगतान किया गया
X
यह राशि किसानों द्वारा मिल को 18 जनवरी से 5 फरवरी 2022 तक गन्ना सप्लाई करने की एवज में जारी की गई है।

रोहतक : रोहतक सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक प्रदीप अहलावत ने बताया कि होली के अवसर पर आज चीनी मिल द्वारा किसानों को 21 करोड़ 67 लाख रूपये की गन्ना राशि का भुगतान किया गया है। यह राशि किसानों द्वारा मिल को 18 जनवरी से 5 फरवरी 2022 तक गन्ना सप्लाई करने की एवज में जारी की गई है। वर्तमान पिराई सत्र में अब मिल द्वारा किसानों को 103 करोड़ 82 लाख रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है।

प्रदीप अहलावत ने बताया कि इससे पहले भी मिल द्वारा किसानों को वर्तमान पेराई सत्र की शुरूआत से 17 जनवरी 2022 तक की अवधि का 82 करोड़ 15 लाख रूपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। इस प्रकार मिल द्वारा इस पेराई सत्र में अब तक किसानों को 103 करोड 82 लाख रू की राशि जारी की जा चुकी है, जो अब तक की कुल गन्ना राशि का 70 प्रतिशत है। वर्तमान पेराई सत्र में चीनी मिल ने सभी क्षेत्रों में उम्दा प्रदर्शन किया है। मिल द्वारा अब तक 41 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करते हुए 3,81,000 क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया है, जो हरियाणा राज्य की सहकारी चीनी मिलों में दूसरे स्थान पर है। चीनी की वर्तमान रिकवरी दर 10.60 प्रतिशत है। मिल द्वारा अब तक एक करोड़ 86 लाख यूनिट बिजली का निर्यात किया गया है, जिसकी कुल राशि 12 करोड़ 31 लाख रूपये बनती है।

प्रबन्ध निदेशक ने बताया कि मिल प्रबन्धकारिणी द्वारा पेराई सत्र की शुरूआत से ही गन्ने की पेराई, चीनी रिकवरी, क्षमता उपयोग व अन्य परिणामों में गुणात्मक सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। मिल में किसानों द्वारा साफ-सुथरा गन्ना सप्लाई करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। मिल द्वारा चलाई जा रही अटल किसान मजदूर कैंटीन में किसानों व कर्मचारियों को रियायती दर पर 10 रू प्रति थाली शुद्ध व ताजा भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है।

Tags

Next Story