बेरोजगारों के लिए खुशखबरी : हरियाणा सरकार जल्द करेगी एक लाख भर्तियां, HSSC सदस्य ने दी जानकारी

बेरोजगारों के लिए खुशखबरी : हरियाणा सरकार जल्द करेगी एक लाख भर्तियां, HSSC सदस्य ने दी जानकारी
X
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य सत्यवान शेरा ने कहा कि लंबित पदों को भरने की प्रक्रिया तीव्रता से जारी है। इसके लिए शीघ्र ही लिखित परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के सदस्य सत्यवान शेरा ने कहा कि हरियाणा सरकार जल्द ही प्रदेश में करीब एक लाख पदों पर भर्तियां करने जा रही है। लंबित पदों को भरने की प्रक्रिया तीव्रता से जारी है। इसके लिए शीघ्र ही लिखित परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।

विभिन्न पदों की लिखित परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए तैयारियों के दृष्टिगत एचएसएससी सदस्य सत्यवान शेरा ने बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय सोनीपत में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने नई भर्तियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। कोविड-19 कोरोना वायरस के चलते भर्ती प्रक्रिया भी अवरूद्ध हो गई थी। अब स्थिति सामान्य हो गई है। इसलिए पुन: भर्ती प्रक्रिया को गति दी गई है।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य ने कहा कि सोनीपत में लिखित परीक्षाओं का विशेष रूप से आयोजन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारीगण अभी से तैयारियां प्रारंभ कर दें। जिला में अधिकाधिक परीक्षा केंद्र स्थापित किये जायें, जिनका चयन जल्द से जल्द कर सूची प्रेषित करें। पूछे जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अभी 52 परीक्षा केंद्र चुने गए हैं, जिनकी क्षमता 15 हजार परीक्षार्थियों की है। एक केंद्र में करीब 312 परीक्षार्थी एक समय में परीक्षा दे सकते हैं। कोरोना वायरस के चलते जो भी निर्देश आएंगे उनकी पूर्ण अनुपालना की भी तैयारी है।

Tags

Next Story